
BIHAR:- खजौली विधायक के नाम पर फर्जीवाड़ा, सोनू झा ने खुद को बताया MLA, वाराणसी ADM से मांगा प्रोटोकॉल, असली विधायक अरुण शंकर प्रसाद हैं बिहार सरकर में मंत्री
बिहार का फर्जी विधायक पहुंचा काशी! अरुण शंकर प्रसाद के नाम पर प्रोटोकॉल की मांग, ADM को भेजा फर्जी लेटर
मधुबनी- 30 सितंबर। बिहार के मधुबनी जिले की खजौली विधानसभा (33) के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक व्यक्ति ने खुद को खजौली का भाजपा विधायक बताते हुए वाराणसी जिला प्रशासन से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में VIP दर्शन और संध्या आरती की व्यवस्था मांगी है। जबकि हकीकत ये है कि खजौली के असली विधायक अरुण शंकर प्रसाद हैं, जो फिलहाल बिहार सरकार में मंत्री हैं।

क्या है फर्जी लेटर में?
25 सितंबर 2026 को अपर जिलाधिकारी (ADM), वाराणसी के नाम से लिखे गए पत्र में खुद को सोनू कुमार झा,सदस्य बिहार विधान सभा 33-खजौली` बताने वाले व्यक्ति ने 30 सितंबर 2026 को काशी विश्वनाथ में दर्शन और संध्या आरती के लिए प्रोटोकॉल की मांग की है। पत्र पर भाजपा का लेटरहेड और पत्रांक S.20389 अंकित है। आवेदन में साथ में 3 अन्य लोगों- Major Sangita, Urmila और Devender Tanwar के लिए भी दर्शन की व्यवस्था मांगी गई है।
पोल-खोल: असली विधायक कौन?
खजौली विधानसभा के मौजूदा विधायक भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण शंकर प्रसाद हैं। वे 2010 से खजौली का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं (2015 को छोड़कर) और 2020 व 2025 दोनों चुनाव जीत चुके हैं। 7 मई 2026 से वे सम्राट चौधरी सरकार में श्रम संसाधन एवं प्रवासी कल्याण और युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री हैं।
बड़ा सवाल- लेटरहेड कहां से आया?
सवाल उठता है कि जब खजौली के विधायक अरुण शंकर प्रसाद हैं, तो सोनू कुमार झा नाम का व्यक्ति किस हैसियत से भाजपा विधायक के लेटरहेड का इस्तेमाल कर रहा है? क्या ये लेटरहेड फर्जी तरीके से बनाया गया है या किसी ने दुरुपयोग किया है? इस तरह ADM को गुमराह कर VIP प्रोटोकॉल लेना प्रोटोकॉल नियमों का सीधा उल्लंघन है। वाराणसी प्रशासन को भी इस पत्र की सत्यता की जांच करनी चाहिए।
ईधर मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बताया कि उक्त फर्जीवाड़ा के खिलाफ पुलिस में शिकायत की प्रकिया शुरू कर दी गयी है।



