
MADHUBANI:- अकशपुरा में होगा मोक्षदायक और कल्याणकारी ‘नवाह महायज्ञ’ का आयोजन, तैयारी को लेकर समिति की बैठक
मधुबनी- 04 अक्टूबर। रहिका प्रखंड क्षेत्र के अकशपुरा गांव में इस वर्ष भी श्री श्री 108 नवाह महायज्ञ का भव्य आयोजन होगा। इसे लेकर नवाह महायज्ञ समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शत्रुघ्न चौधरी ने की, जबकि संचालन गुड्डू कुमार झा ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी नवाह महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही पुरानी कमेटी को ही इस वर्ष भी बरकरार रखा गया। निर्णय लिया गया कि अगली ग्रामीण बैठक 09 अक्टूबर को बुलाई जाएगी, जिसमें यज्ञ की तिथि, स्थान और रूपरेखा पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में समिति के अध्यक्ष रमन चौधरी, सचिव बिपिन झा, कोषाध्यक्ष गुड्डू झा, उप सचिव वैद्यनाथ झा सहित यज्ञ मंडप अध्यक्ष मंडली के बिलटू सहनी, रामवृक्ष सहनी, वासुदेव सहनी, रामवृक्ष पासवान, नरेश पासवान, हरिनाथ सहनी, रघुनि पासवान, छुटकू सहनी आदि मौजूद थे।
नवाह महायज्ञ का महात्म्य—
नवाह यज्ञ नौ दिनों तक चलने वाला पवित्र अनुष्ठान है। नौ दिनों तक निरंतर धार्मिक अनुष्ठान से अकशपुरा सहित आसपास के गांवों में भक्तिमय माहौल बना रहता है। मान्यता है कि जहां नवाह यज्ञ होता है, वहां स्वयं श्रीराम दरबार सहित समस्त देवी-देवता निवास करते हैं।
शास्त्रों के अनुसार नवाह में शामिल होने से समस्त पाप नष्ट होते हैं, घर-परिवार में सुख-शांति आती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सामूहिक रूप से यज्ञ करने से पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, अकाल, रोग और क्लेश दूर होते हैं। इसीलिए इसे मोक्षदायक और कल्याणकारी यज्ञ माना गया है।



