
मधुबनी जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, सुरेश बैरोलिया बने अध्यक्ष, मुकेश को सचिव की जिम्मेदारी
मधुबनी- 04 अक्टूबर। मधुबनी जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा शहर के गांधी चौक स्थित जीनियस कॉमर्स क्लास परिसर में आयोजित हुई। बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के मार्गदर्शन में आयोजित सभा का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शिवाजी कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। आम सभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें सुरेश कुमार बैरोलिया को अध्यक्ष और मुकेश पंजियार को सचिव चुना गया।
वहीं अशोक साह को उपाध्यक्ष, विजय घनश्याम को संयुक्त सचिव और विजय रमन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सभा में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए दिव्यांगजन, सामाजिक कार्यकर्ता, शारीरिक शिक्षक एवं खेल प्रेमियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में पैरा खेलों के विकास, दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मौके पर लालू तुरहा, जिला कुश्ती संघ के सचिव पप्पू कुमार यादव, टेबल टेनिस से लालू ठाकुर, पूर्णिमा, मानसी और भव्या राज, बैडमिंटन संघ के सचिव सुरेश कुमार बैरोलिया, वुशू संघ के अध्यक्ष मंटू कुमार के अलावा गजेंद्र प्रसाद, पिंटू पंजियार, रेनू कुमारी और मदन मोहन गोपाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया से संबद्ध है।



