
MADHUBANI:- पंडौल के यमशम गांव में नकाबपोश लुटेरों का कहर: रिटायर्ड IAS समेत 6 सूने मकानों में भीषण चोरी, 75 वर्षीय बुजुर्ग को बंधक बनाकर लूटा
मधुबनी- 04 अक्टूबर। पंडौल थाना क्षेत्र के यमशम गांव में देर रात हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने तांडव मचा दिया। लुटेरों ने गांव के आधा दर्जन से अधिक सूने मकानों का ताला तोड़कर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
अपराधियों के दुस्साहस का आलम यह रहा कि उन्होंने चोरी के दौरान गांव में अकेले रह रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग सुरेंद्र झा को हथियार का भय दिखाकर बंधक बना लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।
बाहर रहने वालों के घर निशाने पर—
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से उन घरों को निशाना बनाया, जिनके मालिक बाहर रहते हैं। बदमाशों ने सेवानिवृत्त फौजी जितेंद्र झा, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी मिहिर कुमार झा, नागेंद्र झा, ललन झा, गीतानाथ झा, मुनचुन कामत के घरों के ताले चटकाए। मुनचुन कामत के घर में अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर मूल्यवान जेवरात व सामान लूट लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी—
घटना की सूचना मिलते ही पंडौल थाना पुलिस और डायल-112 की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है, जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।



