
मधुबनी में शारदीय नवरात्र की तैयारियां जोरों पर, गिलेशन बाजार दुर्गा मंदिर फूलों से सजेगा
मधुबनी- 03 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र को लेकर शहर के प्रसिद्ध गिलेशन बाजार स्थित श्रीश्री 108 महाशक्ति नव दुर्गा मंदिर में तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। प्रतिमा निर्माण के साथ-साथ मंदिर परिसर के रंग-रोगन का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
शहर का यह दुर्गा मंदिर अपनी भव्य सजावट और आकर्षक विद्युत सज्जा के लिए पूरे जिले में प्रसिद्ध है। इस वर्ष पूजा समिति ने मंदिर की सजावट को और भी अलौकिक बनाने का निर्णय लिया है।
श्रीश्री 108 महाशक्ति नव दुर्गा पूजा समिति गिलेशन बाजार के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष मंदिर की मुख्य सजावट ताजे फूलों से की जाएगी। इसके लिए विशेष रूप से कोलकाता से फूल और फूलों की सजावट के लिए दक्ष कलाकारों को बुलाया गया है। फूलों के साथ-साथ रंग-बिरंगे एलईडी बल्बों की चकाचौंध से पूरा मंदिर परिसर जगमगाएगा, जो देखते ही बनेगा।
सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान—
पांच दशक से भी अधिक समय से अनवरत चली आ रही इस ऐतिहासिक पूजा में इस बार आधुनिक तकनीक का भी समावेश किया गया है। सीसीटीवी से निगरानी: भक्तों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। नियंत्रण कक्ष से भीड़ पर नजर रखी जाएगी।
लाइव टेलीकास्ट: इस वर्ष कलश स्थापना से लेकर विजयादशमी तक पूरे पूजा कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा, ताकि जो श्रद्धालु मंदिर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे घर बैठे ही मां के दर्शन कर सकें। सांस्कृतिक कार्यक्रम: सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन भव्य सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ बाहरी कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
पूजा समिति के एक पदाधिकारी ने बताया की गिलेशन बाजार की दुर्गा पूजा केवल पूजा नहीं, मधुबनी की संस्कृति और एकता का प्रतीक है। हम कार्यकर्ता पूरी तन्मयता से जुटे हैं। यहां आने वाले हजारों भक्तों को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है। पेयजल, बैरिकेडिंग और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था की जा रही है। जैसे-जैसे नवरात्र नजदीक आ रहा है, गिलेशन बाजार में रौनक बढ़ती जा रही है। ढोल-ताशों की आवाज के बीच मां के स्वागत की तैयारी अब अंतिम चरण में है।



