
MADHUBANI:- इंद्र पूजा मेले में बिछड़े 3 बच्चों समेत 5 लोगों को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
मधुबनी- 04 अक्टूबर। इंद्र पूजा मेले की भीड़ में बिछड़े तीन बच्चों समेत पांच लोगों को अंधराठाढ़ी थाना पुलिस ने सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया है। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर मेले को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को एक परिवार तीन छोटे बच्चों के साथ बाजार में डॉक्टर से दवा लेने आया था। मेले की भीड़ में तीनों बच्चे परिजनों से बिछड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मेला क्षेत्र में खोजबीन शुरू की और करीब एक घंटे में तीनों बच्चों को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
इसी दौरान मधुबनी नगर थाना क्षेत्र की एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला भटककर अंधराठाढ़ी पहुंच गई। गश्ती दल ने उसे सुरक्षित थाना लाकर पहचान के बाद परिजनों को सौंप दिया।
एक अन्य मामले में दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र की एक युवती 28 सितंबर को घर से निकलने के बाद भटकते हुए तारापट्टी स्थित कमला तटबंध पर पहुंच गई। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 और अंधराठाढ़ी थाना पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर परिजनों से संपर्क कर सकुशल उनके हवाले कर दिया।



