
समाज में अच्छा माहौल बनाकर रखिये :सीएम नीतीश
पटना- 12 अप्रैल। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राजगीर विधानसभा क्षेत्र (पुराना) के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों का सहयोग एवं समर्थन मुझे हमेशा मिलता रहा है, उसे हम कभी नहीं भूलेंगे। आप लोगों की खिदमत एवं सेवा करना हमलोगों का कर्तव्य है। हम आपको आश्वस्त करते हैं कि जो भी हमसे संभव होगा, उसे हम करते रहेंगे। आप लोगों से आग्रह है कि समाज में अच्छा माहौल बनाकर रखिये।
सीएम ने कहा कि यहां पर काफी तादद में बच्चियां एवं महिलाएं उपस्थित हैं, इनमें अब काफी जागृति आई है। पिछले 16 सालों से हमने बिहार के लोगों की सेवा की है। हमलोगों ने बिहार में जीविका समूह का गठन किया। इसको देखकर देश भर में आजीविका समूह का गठन किया गया। बिहार में काफी काम हुआ है। इधर दो-ढ़ाई साल से कोरोना का दौर आने के पहले हम तो यहां आते ही रहते थे। आपलोग जानते ही हैं कि हम यहां पर हर जगह जाकर सब कुछ को देखते ही रहते हैं और जहां भी कमियां होती हैं उसमें सुधार कराते ही रहते हैं। यहां पर हमने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भी शुरु करवाया है। इस बार मेरी इच्छा थी एक बार हम सब जगहों पर फिर से जायेंगे। इसी सिलसिले में आपके बीच भी आने का मौका मिला है, यह खुशी की बात है। आप सब आपस में एकजुट होकर रहिए। समाज में प्रेम और भाईचारे का माहौल रखिए, यही हम आपलोगों से आग्रह करेंगे। यहां जो भी करना जरुरी है, उसे जरुर करेंगे। बिहार की तरक्की को लेकर काफी काम किया जा रहा है। आपके सुझाव पर भी हम काम करेंगे।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने सकरौल, कंचनपुर, चोसुआ बकरा, राईफल मोड़ पावापुरी, पावापुरी मोड़, जल मंदिर रोड पावापुरी, सैनिक स्कूल नालंदा, धरहरा, नियामत नगर, मोहनपुर, माहुरी, झालर पुल, नाहूब मोड़, नोन्ही, पथरौरा, म्यार, आजाद नगर, नीमापुर, ठेरा मोड़, कटारी मोड़ सहित अन्य कई जगहों पर रूककर अपने पुराने साथियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जगह-जगह पर लोगों ने मुख्यमंत्री का पुष्प-गुच्छ, फूल-मालाओं एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने पावापुरी मोड़ स्थित पूर्व विधान पार्षद स्व कपिलदेव प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, बेलदार बिगहा के संस्थापक स्व नंदकिशोर प्रसाद उर्फ सेक्रेटरी साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मुख्यमंत्री ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।मुख्यमंत्री ने पावापुरी स्थित जल मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं लोगों में आपसी सौहार्द्र कायम रहने की कामना की।



