
सड़क दुर्घटना में सीतामढ़ी के विधायक सहित 5 गंभीर, पटना रेफर
मधुबनी- 01 जून। सीतामढ़ी के विधायक मिथिलेश कुमार सहित पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों का इलाज सकरी स्थित रामशिला अस्पताल में चल रहा है। जख्मी विधायक को देखने मंत्री सम्राट चौधरी व विधायक पहुंचे। जानकारी के अनुसार बुधवार को कटिहार में कार्यसमिति की बैठक चल रही थी। बैठक में भाग लेकर लौट रहे सीतामढ़ी क्षेत्र के विधायक मिथिलेश कुमार की इनोवा कार बस से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सकरी थाना क्षेत्र के नवादा महाराजी पोखर के पास हुए हादसे में विधायक समेत उनके दो अंगरक्षक वकील राम व जयप्रकाश भी बुरी तरह घायल हो गए। वही इनोवा चालक मो असदुउल्लाह एवं विधायक के सहयोगी मो रमजानी भी घायल हो गए। सभी घायलों को टोल प्लाज़ा कर्मियों ने एंबुलेंस से सकरी स्थित रामशिला अस्पताल मे भेजा। दुर्घटना की खबर मिलते ही कार्यसमिति से ही लौट रहे पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी,दरभंगा विधायक संजय सरावगी,एमएलसी अर्जुन सहनी, जिला अध्यक्ष जीवक सहनी घायल को देखने हॉस्पिटल पहुंचे।

वहीं दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर भी अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सा फैजुल हसन से घायलों के स्थिति की पूरी जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर इनोवा एवं बस को जब्त कर थाना ले आयी। इधर अस्पताल के चिकित्सकों ने विधायक सहित पांचों गंभीर जख्मी की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।



