
पीएम बनने से पहले ही शहबाज का कश्मीर राग, बिना समाधान भारत से रिश्ते सामान्य नहीं
इस्लामाबाद- 10 अप्रैल। पाकिस्तान का प्रधानमंत्री पद जाते देख इमरान खान भले ही भारत की तारीफों के पुल बांधने लगे थे, लेकिन अब शहबाज शरीफ ने प्रधानमंत्री बनने से पहले ही कश्मीर राग अलापना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा है कि कश्मीर मसले का समाधान किए बिना भारत से संंबंध सामान्य नहीं होंगे।
पाकिस्तान के सियासी घमासान में भारत की चर्चा न हो, यह कैसे संभव है। दो दिन पहले तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे इमरान खान भारत की तारीफों के पुल बांध रहे थे। अविश्वास प्रस्ताव का सामना कर रहे इमरान ने कई बार भारत की विदेशी नीति से लेकर स्वाभिमानी भारत के मौजूदा स्वरूप की तारीफ की थी। उस समय भी विपक्ष की नेता और इमरान के सत्ता से हटने के बाद विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार शहबाज शरीफ की भतीजी मरियम नवाज ने यहां तक कह दिया था कि इमरान को भारत इतना पसंद है तो वे वहीं चले जाएं।
अब शहबाज ने भी प्रधानमंत्री बनने से पहले ही कश्मीर को लेकर बयान दिया है। भारत के साथ संबंधों को सामान्य करने के सवाल पर शहबाज ने कहा कि कश्मीर मुद्दे का समाधान नहीं होने तक भारत के साथ संबंध सामान्य नहीं हो सकते। उन्होंने साफ कहा कि कश्मीर मसले का हल होने तक भारत से बातचीत नहीं होगी। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ चल रहे मामलों को लेकर शहबाज ने कहा कि उनमें कानून के अनुसार कार्यवाही जारी रहेगी।



