
MADHUBANI: शक्ति आराधना में लीन दिखे पूर्व मंत्री समीर महासेठ, मां दुर्गा से की क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना
मधुबनी- 18 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री एवं मधुबनी के पूर्व विधायक समीर कुमार महासेठ ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लिया। पूर्व मंत्री मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां आदिशक्ति से क्षेत्र में शांति, सुख-समृद्धि और चौमुखी विकास की कामना की। मंदिर परिसरों में पूजा समितियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मौके पर समीर महासेठ ने कहा कि नवरात्र केवल पूजा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और नई चेतना का पर्व है। मां के नौ रूप हमें सिखाते हैं कि अहंकार और अन्याय पर अंततः सत्य और धर्म की ही जीत होती है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा से प्रार्थना है कि हमारे मधुबनी का चौमुखी विकास हो। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में हमारा जिला आगे बढ़े। मेरी कामना है कि हर खेत तक पानी, हर हाथ को काम और हर चेहरे पर मुस्कान हो।
पूर्व मंत्री ने कहा कि उन्होंने मां भगवती से क्षेत्र के किसानों, मजदूरों, युवाओं और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली और उन्नति की कामना की है। युवाओं को रोजगार मिले, किसानों की फसल अच्छी हो, यही प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि नवरात्र नारी शक्ति के सम्मान और आपसी भाईचारे का संदेश देता है, और मधुबनी में वर्षों से यही सद्भाव दुर्गा पूजा की पहचान रही है। उनके साथ मो. मन्नान, पवन यादव, मंटूजी, पूर्णशंकर झा सहित अन्य मौजूद थे।



