
अमित शाह ने लुधियाना में फूंका 121 फुट का ‘नशा रूपी रावण’, कहा- 2029 तक नशा मुक्त होगा पंजाब
चंडीगढ़- 20 अक्टूबर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दशहरे के अवसर पर पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना के दरेसी मैदान में 121 फुट ऊंचे नशा रूपी रावण का दहन किया। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब वासियों के सामने नशा मुक्त पंजाब के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि लुधियाना के दरेसी मैदान में पिछले 200 वर्षों से पुतलों का दहन किया जा रहा है। हर बार यहां बुराई के प्रतीक पुतलों को ज्वलंत समस्या को समर्पित किया जाता है। इस बार रावण के पुतले के साथ नशे के खात्मे का संकल्प लिया गया है।
अमित शाह ने कहा कि नशा रूपी रावण के पुतले का दहन नशे की बुराई के खात्मे का प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित हजारों लोगों को नशा मुक्त पंजाब के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने पंजाब के लोगों से नशे के विरुद्ध जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान करते हुए कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार हर संभव मदद करेगी। जहां भी नशे के कारोबार के बारे में पता चले, उसके बारे में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाएं।
गृहमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि अगर पंजाब सरकार कार्रवाई नहीं करेगी, तो केंद्र सरकार इस मामले में सीधे कार्रवाई करेगी। पंजाब वासियों को इस मामले में डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि वर्ष 2029 के दशहरे में प्रदेश के प्रत्येक जिले में नशे का रावण फूंका जाएगा।



