
यूक्रेन पर रूस के हमले के सौ दिन पूरे, कब्जा किए क्षेत्रों में डटी रहेगी रूसी सेना
कीव-03 जून। रूस पर हमले के सौ दिन पूरे होने के बाद यूक्रेन तबाह हो चुका है। उसके शहर के शहर खंडहर बन चुके हैं। लाखों लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा, हजारों लोगों की मौत के बाद सबकुछ बदल चुका है। युद्ध से पहले यूक्रेन पर कब्जा नहीं करने की बात कहने वाले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी अपने वादे से मुकर चुके हैं। रूस के सैन्य अभियान 100वें दिन शक्रवार को भी युद्ध जारी रहा और यूक्रेन कब्जा किए क्षेत्रों पर रूसी सेना डटी रही है।
इस बदलावा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खेरसॉन में रूसी मुद्रा रूबल, यूक्रेनी मुद्रा रिव्निया की जगह लेने वाली है, जबकि रूस के नियंत्रण वाले जपोरिजिया क्षेत्र के निवासियों को रूसी पासपोर्ट की पेशकश की जा रही है। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने दोनों क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित की है, जिसके साथ इनके रूस का हिस्सा बनाने की योजना के बारे में बातें की जा रही है।
यूक्रेन के डोनबास इलाके में अलगावादी क्षेत्रों के मास्को समर्थित नेताओं, जिनमें अधिकतर रूसी भाषी हैं, ने समान इरादे साझा किए हैं। यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्र में लड़ाई तेज हो गई है क्योंकि रूस डोनबास के पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में करना चाहता है। क्रेमलिन ने उन शहरों, कस्बों और गांवों के बारे में अपनी योजना पर बहुत हद तक चुप्पी साध रखी है जिन पर उसने बमबारी की है और मिसाइलें दागी हैं। साथ ही, आखिरकार उन पर कब्जा कर लिया।
कार्नेजी इन्डोवमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस में सीनियर फेलो एंद्रेई कोलेसनीकोव ने कहा, बेशक, रूस टिके रहना चाहता है। कब्जा किए गए क्षेत्र को रूस नहीं छोडऩा चाहेगा, भले ही वह उसकी योजना का हिस्सा नहीं रहा हो।
खेरसोन और जपोरिजिया में इस महीने रूसी रूबल को दूसरी आधिकारिक मुद्रा के तौर पर पेश किया गया। रूस समर्थित प्रशासकों ने स्थानीय निवासियों को 10,000 रूबल (लगभग 163 डॉलर) सामाजिक सुरक्षा भुगतान करना शुरू कर दिया है।
क्रेमलिन की सत्तारूढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी के एक वरिष्ठ अधिकारी एंद्रेई तुरचक ने खेरसॉन के निवासियों के साथ एक बैठक में कहा, रूस यहां हमेशा के लिए है।



