
ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा ने CATC-IV शिविर का किया निरीक्षण, कैडेटों को किया प्रेरित
मधुबनी-. 8 जून। 34 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा शहर के रांटी जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-IV) के आठवें दिन एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, मुजफ्फरपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा ने निरीक्षण किया। 1 से 10 जून तक आयोजित इस शिविर में 23 शिक्षण संस्थानों के करीब 500 कैडेट भाग ले रहे हैं। शिविर का संचालन कैम्प कमांडेंट कर्नल नितिन झा के नेतृत्व में किया जा रहा है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, मुजफ्फरपुर के निर्देशानुसार थल सैनिक कैंप (TSC) हेतु कैडेटों का चयन, प्रशिक्षण एवं ग्रुप टीम का गठन करना है। इस दौरान ग्रुप कमांडर को कर्नल नितिन झा व टीएससी प्रभारी अधिकारी द्वारा शिविर की गतिविधियों, टीएससी चयन एवं प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। ब्रिगेडियर मेहरोत्रा ने टीएससी हेतु चयनित कैडेटों से संवाद कर उन्हें अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अन्य कैडेटों एवं जवानों से भी बातचीत कर एनसीसी प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने तथा ‘सी’ प्रमाण पत्र प्राप्त कर अपने भविष्य को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया। ग्रुप कमांडर ने जवानों एवं कैडेटों के साथ चाय पर अनौपचारिक चर्चा की। उनके अनुभवों, जिज्ञासाओं को सुना। जिससे कैडेटों में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ। कर्नल नितिन झा ने ग्रुप कमांडर का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से कैडेटों को भविष्य के लिए नई प्रेरणा और दिशा प्राप्त हुई है।



