
तलाशी के दौरान वाहन में विस्फोट, 1 जवान की मौत व 2 जख्मी
श्रीनगर- 03 जून। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों की तलाशी अभियान के दौरान एक निजी वाहन में विस्फोट में एक जवान की मौत हो गई है। इस विस्फोट में दो अन्य जवान घायल हुए हैं। मृतक जवान उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल क्षेत्र का था।

शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने शोपियां के पतितोहलान इलाके मं आतंकियों को घेरने और तलाशी के लिए अभियान शुरू किया गया था। इस दौरान, एक माल ढोने वाले वाहन में विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में सेना के तीन जवान घायल हो गए। विस्फोट में गंभीर रूप से घायल को उधमपुर के कमांड अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। मृतक जवान की पहचान उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल क्षेत्र के निवासी नायक प्रवीण के रूप में हुई। जवान के परिवार में पत्नी और छह साल का बेटा है। जवान प्रवीण के पार्थिव शरीर को उधमपुर में पुष्पांजलि समारोह के बाद उनके पैतृक गांव भेज दिया गया है।



