
MADHUBANI:- सौतन बनी कातिल! बहन ने ही रची थी संगीता देवी की हत्या की साजिश, शूटर समेत तीन गिरफ्तार
मधुबनी- 12 जून। जिले के फुलपरास अनुमंडल क्षेत्र के मुरली चोक के समीप 10/11 जून की रात हुई महिला संगीता देवी की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर ही सफल उद्भेदन कर लिया है। तकनीकी साक्ष्य, सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गठित एसआईटी ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार, बाइक तथा मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
फुलपरास थाना परिसर में शुक्रवार को एसडीपीओ अमित कुमार ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस अधीक्षक मधुबनी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतका की सौतन और सह-सगी बहन सरिता देवी ने रुपये देकर शूटर के माध्यम से हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, सरिता देवी ने अपने परिचित गगन कुमार यादव के माध्यम से शूटर नितीश कुमार यादव से संपर्क स्थापित किया और हत्या के बदले रुपये देने की बात तय की गई। घटना की रात करीब 11ः30 से 12 बजे के बीच योजना के तहत सरिता देवी ने घर का दरवाजा खुलवाया,जिसके बाद शूटर घर में घुस गया और संगीता देवी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन करते हुए सरिता देवी, गगन कुमार यादव तथा शूटर नितीश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। नितीश यादव की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देसी कट्टा,एक गोली,एक मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड के सफल उद्भेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य,पुअनि मनोज कुमार,पुअनि निरंजन कुमार,पीएसआई सुरुचि कुमारी, सपना कुमारी,कृति कुमारी सहित तकनीकी शाखा के सोमनाथ कुमार एवं अन्य सुनील कुमार शामिल थे।



