
MADHUBANI: ‘नगर निगम का 3 साल बेमिसाल’ के दावों के बीच शहर की सड़क पर धानरोपनी का कमाल
मधुबनी- 15 जून। नगर निगम का 3 साल पूरा होने का जश्न बड़े धूमधाम से मनाई गई। निगम कार्यालय में कई केक काटे गए। मिठाइयां बांटी गई।नगर निगम के 3 बेमिसाल के दावे किए गए और दावे के चंद्र दिनों बाद सोमवार की सुबह निगम के वार्ड 32-35 को जोड़ती राघोनगर चौक से पुरानी दुर्गा मंदिर तक सड़क पर धानरोपनी कर 3 साल बेमिसाल के दावों का हवा निकाल दी। वार्ड की सड़क पर जलजमाव के बीच धानरोपनी कर नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने की कोशिश की गई है। इसके बाद भी यहां जलजमाव को दूर करने की पहल नहीं होना नगर निगम प्रशासन की अड़ियल रवैया को सामने लाने के लिए काफी होगी। ऐसा नहीं कि बरसात से पहले ही जलजमाव की समस्या सिर्फ वार्ड 35 की है। बिन बारिश निगम के कई वार्डों की सड़कों पर जलजमाव की समस्या आम बात हो चुकी है। बता दें कि वार्ड 35 की इस सड़क पर करीब तीन साल से जलमजाव की समस्या बनी रहती है। बरसात के दिनों में तो महीनों तक इस इलाके के लोगों को नर्क जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। तीन साल में निगम के कई वार्डों में नालियों का निर्माण किया गया। नालियां निर्माण वाले वार्डों में जलजमाव की समस्या और गंभीर हो गई। सड़क से काफी उच्ची नालियों का निर्माण होने से अब लोगों के घरों के पानी का बहाव नालियों तक नहीं पहुंच रहा है। नाला की ऊंचाई इतनी बढ़ा दी गई कि घरों के अलावा सड़कों पर जलजमाव समस्या उत्पन्न हो गई। वहीं, नाला निर्माण में स्टीमेंट की अनदेखी की शिकायत को दूर करने के प्रति नगर निगम प्रशासन उदासीन रहा है। जिससे स्थानीय लोगों के आक्रोश का शिकार वार्ड पार्षदों को होना पड़ रहा है।



