भोपाल- 31 मार्च। आम चुनाव 2009 में खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से 15वीं लोकसभा के लिए सांसद चुने गए वरिष्ठ भाजपा नेता मकन सिंह सोलंकी ने शुक्रवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बड़वानी के सिलावद में राज्यसभा सांसद एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में आमसभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए।
दिग्विजय सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद मकन सिंह सोलंकी ने कांग्रेस की रीति-नीति और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल, मनावर विधायक हीरालाल अलावा, धरमपुरी विधायक पांची लाल मेढ़ा, पानसेमल विधायक चंद्रभागा किराड़े, पूर्व विधायक रमेश पटेल व जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह दरबार समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय नेतागण और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
