
BIHAR:- जहानाबाद में मनरेगा योजना के काम के सत्यापन के बदले JE थामी 20 हजार, निगरानी ने दबोच
जहानाबाद-08 सितंबर। मनरेगा योजना के काम के सत्यापन के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत लेना जहानाबाद सदर प्रखंड में तैनात कनीय अभियंता (जेई) अमन कुमार को भारी पड़ गया। निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के अंबेडकर चौक के समीप एक होटल में उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई रोजगार सेवक अशोक कुमार की शिकायत पर हुई। गिरफ्तारी के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, जामुक पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्यों के सत्यापन के एवज में जेई ने रोजगार सेवक से 20 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत की लगातार मांग से परेशान होकर रोजगार सेवक ने निगरानी विभाग से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी की टीम ने पहले मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर जेई को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। तय योजना के अनुसार मंगलवार को रिश्वत की रकम देने के लिए होटल में मुलाकात तय हुई। जेई अमन कुमार निर्धारित स्थान पर पहुंचे। रोजगार सेवक से 20 हजार रुपये लिए। जैसे ही उन्होंने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से घात लगाए निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम जेई को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ कर रही है।
विभाग आरोपित के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहा है। निगरानी विभाग के डीएसपी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।



