
DARBHANGA: बहादुरपुर BDO डॉ. आनंद कुमार विभूति के 5 ठिकानों पर EOU की बड़ी रेड, आय से 1.30 करोड़ अधिक संपत्ति का आरोप
दरभंगा- 08 सितंबर। दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) डॉ. आनंद कुमार विभूति के ठिकानों पर आज आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है।

EOU को BDO पर अपनी कानूनी आय से लगभग 1.30 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। इसी मामले में मुजफ्फरपुर की निगरानी अदालत से सर्च वारंट लेकर EOU की अलग-अलग टीमों ने एक साथ 5 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। डॉ. आनंद कुमार विभूति वर्तमान में बहादुरपुर प्रखंड, दरभंगा में BDO के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले ही उनका ट्रांसफर मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड से दरभंगा हुआ था। EOU की टीम दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के सैदनगर, जनकपुरी स्थित उनके किराये के मकान सहित कुल पांच ठिकानों पर सघन तलाशी ले रही है। टीम घर के कोने-कोने की तलाशी ले रही है। बैंक खातों, जमीन के कागजात, निवेश बॉन्ड, कैश, गहने और अन्य कीमती सामानों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार छापेमारी अभी जारी है।
बिहार में भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत EOU की यह हाल के दिनों की एक और बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। छापेमारी में कितना कैश और संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी EOU की तलाशी पूरी होने के बाद सामने आएगी।



