[the_ad id='16714']

 प्रियंका गांधी ने शिमला में मनाया कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का जश्न

शिमला- 13 मई। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली प्रचण्ड जीत का जश्न अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने हिमाचल की राजधानी शिमला में मनाया।

प्रियंका गांधी ने शनिवार को शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड और रिज मैदान की सैर की। वह यहां के मशहूर इंडियन काफी हाउस भी पहुंची। प्रियंका गांधी ने शाम के समय करीब 40 मिनट रिज मैदान और मॉल रोड पर बिताए। इस दौरान उन्होंने यहां घूम रहे लोगों के साथ बातचीत भी की। पर्यटकों व स्थानीय लोगों ने उनके साथ सेल्फियां लीं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता इस अवसर पर मौजूद रहे। इससे पहले प्रियंका गांधी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंची, जहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली जीत का जश्न मनाया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन पहुंचते ही प्रियंका गांधी पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रियंका ने कर्नाटक में मिली जीत पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धारमैया, कर्नाटक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार को बधाई दी और कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया है तथा सभी को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि हमने राज्य की जनता से जो वायदे किए हैं, गारंटियां दी हैं। इन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर प्रियंका ने कहा कि जनता को ही सब तय करना है।

इससे पहले आज सुबह प्रियंका गांधी ने शिमला के जाखू स्थित ऐतिहासिक हनुमान मंदिर में शीश नवाया और पूजा अर्चना की। मंदिर कमेटी ने उन्हें हनुमान जी का फोटो भेंट किया।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और वहां मौजूद आम लोगों के साथ बातचीत की। समर्थकों ने उनके साथ फोटो खिंचवाए। प्रियंका गांधी दो दिन पहले ही छुट्टियां बिताने शिमला के समीप छराबड़ा स्थित अपने घर पहुंची थी।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव की थकान मिटाने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बीते गरुवार को शिमला पहुंचीं थीं। बीते दिन उनकी माता सोनिया गांधी भी यहां आईं हैं।

प्रियंका गांधी का अक्सर एक-दो माह बाद शिमला के छराबड़ा आना होता है। अप्रैल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला प्रवास के दौरान भी प्रियंका शिमला आई थीं।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!