
मधुबनी के दो होनहार शांभवी सुमन और रमन कुमार ‘प्रेरणा उत्सव’ में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
मधुबनी- 05 सितंबर। जिले के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थी ‘प्रेरणा टैलेंट हंट’ के माध्यम से चयनित होकर राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का मान बढ़ाएंगे। चयनित विद्यार्थियों में जवाहर नवोदय विद्यालय (मधुबनी) की छात्रा शांभवी सुमन और वाटसन हाई स्कूल (मधुबनी) के छात्र रमन कुमार शामिल हैं। दोनों विद्यार्थी 6 से 12 सितंबर तक गुजरात के मेहसाणा जिले स्थित वडनगर में आयोजित ‘प्रेरणा उत्सव’ में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जनवरी माह में आयोजित ‘प्रेरणा टैलेंट हंट’ प्रतियोगिता में मधुबनी जिले के लगभग 15 स्कूलों के चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर शांभवी और रमन का अंतिम चयन हुआ। विशेष बात यह है कि दोनों विद्यार्थी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के सदस्य भी हैं, जिसने उनके व्यक्तित्व में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में अहम भूमिका निभाई है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उनके स्कूलों और परिवारों में भारी उत्साह है। शांभवी के चयन में संगीत शिक्षक अजय कुमार सिंह, नृत्य शिक्षिका शिल्पी श्रीवास्तव और हिंदी शिक्षक केएस पाठक का विशेष योगदान रहा। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार महतो और शांभवी के माता-पिता ने इस सफलता पर खुशी जताई है।
वहीं, रमन कुमार को मार्गदर्शन देने में उनके शिक्षक शिव नारायण मिश्रा की मुख्य भूमिका रही। वाटसन हाई स्कूल के प्राचार्य सतीश कुमार, रमन के माता-पिता और उनके दादाजी ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। दोनों विद्यार्थियों को 3 सितंबर को गुजरात के लिए रवाना कर दिया गया है। पूरी यात्रा और कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका शिल्पी श्रीवास्तव अभिभावक शिक्षिका (Guardian Teacher) के रूप में उनके साथ उपस्थित रहेंगी। जिले भर से दोनों होनहारों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं मिल रही हैं।



