
MADHUBANI शहर के सरकारी बस स्टैंड की दुकानों पर प्रशासन सख्त, फिर चिपकाया नोटिस
मधुबनी- 05 सितंबर। शहर के गंगासागर चौक स्थित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के बस पड़ाव परिसर में अतिक्रमण का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरकारी बस स्टैंड परिसर में एक दर्जन से अधिक दुकानें चल रही है। इसे खाली कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, दरभंगा प्रमंडल कार्यालय द्वारा पत्रांक 1445, दिनांक 24/09/2026 के तहत शुक्रवार को नोटिस जारी कर दुकानों पर चस्पा गया था। शनिवार को भी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम कर्मियों द्वारा दुकानों पर नोटिस साटी गई। शनिवार को रहिका अंचल के सीओ रोहित कुमार सरकाी बस स्टैंड परिसर पहुंचे और दुकानदारों से नोटिस फाड़ने की जानकारी ली। लगातार दूसरे दिन नोटिस चिपकने से दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
नोटिस में दुकानदारों को 15 दिनों के भीतर जमीन खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है। तय सीमा में दुकान न हटाने पर समुचित कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निगम का कहना है कि इस जमीन पर जल्द अंतर्राज्यीय सरकारी बसों का परिचालन शुरू किया जाना है।वहीं, दुकानदारों का कहना है कि वह वर्षों से यहां दुकान लगाकर परिवार चला रहे हैं, अचानक खाली करने के आदेश से रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।फिलहाल प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है।



