मधुबनी- 30 दिसंबर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता आरसीपी सिंह के जन्मदिन पर उनके समर्थको व पार्टी कार्यकर्ताओं ने बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र में प्रसिद्ध उच्चैठ स्थिति मां छिन्नमस्तिका के दरबार में पूजा पाठ कर उनके दीर्घायु तथा यशस्वी होने की कामना की। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रफुल कुमार ठाकुर एवं अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने सिद्धपीठ पहुंच कर पूजा अर्चना कर मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया। भाजपा नेताओं ने बताया कि हर वर्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री के जन्मदिन पर मिथिला में उनके समर्थको के द्वारा इस तरह का धार्मिक आयोजन किया जाता है। भाजपा नेताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को बहुआयामी व्यक्तित्व का राजनेता बताते हुए कहा कि भारतीय प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जहां उन्होंने एक ईमानदारी एवं कर्मठता के साथ देश स्तर पर ख्याति अर्जित की वही एक राजनेता के रूप में कुशल संगठकर्ता होने का परिचय दिया। जबकि केंद्रीय मंत्री के रूप में देश के लोकप्रिय पीएम नरेंद्र मोदी के विश्वास पर खड़ा उतरकर अपने कार्यकुशलता का परिचय दिया। भाजपा नेताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री की राजनीतिक भूमिका को बिहार एवं देश की राजनीति में अहम बताते हुए कहा कि करोड़ो कार्यकर्ताओ की शुभकामना उन्हें यशस्वी बनाए रखेगी। मौके पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष बिमल कुमार झा,पार्टी नेता संतोष कुमार झा,गौरव मिश्र,संजीव राय,मनोज सिंह,उज्ज्वल वत्स श्रेयम पांडेय सहित दर्जनों कार्यकर्ता व उनके समर्थक शामिल थे।
