ताज़ा ख़बरें

अफ्रीका के तंजानिया से मुंबई लौटा व्यक्ति ओमीक्रोन संक्रमित

मुंबई/नई दिल्ली-05 दिसंबर। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रोन के खतरे के बीच अफ्रीकी देश तंजानिया से मुंबई के धारावी लौटा 49 वर्षीय व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया गया है। उसे सेवन हिल हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। उसके सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा कि वह कोरोना के किस वैरिएंट से संक्रमित है। वहीं, तंजानिया से दिल्ली लौटा एक दूसरा व्यक्ति ओमीक्रोन से संक्रमित मिला है। उसको दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में ओमीक्रोन का केस सामने आने के बाद देश में इस नए वैरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

बृहन्मुंबई नगर निगम की महापौर किशोरी पेडणेकर ने रविवार को बताया कि संक्रमित व्यक्ति के सैंपल को जीनोम सिक्वेसिंग के लिए कस्तुरबा अस्पताल में भेजा गया है। तंजानिया से आए व्यक्ति को सेवन हिल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और उसका इलाज जारी है। पेडणेकर ने कहा कि मुंबई के धारावी में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर निगम की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की जांच की जा रही है। मुंबई में ओमीक्रोन वैरिएंट की रोकथाम के लिए नगर निगम की ओर से युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के सीईओ को ओमीक्रोन के मद्देनजर उच्च जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों की सूची नगर निगम के पास भेजने के लिए कहा गया है। इन यात्रियों से संपर्क करने के लिए हर विभागीय आफिस में टीम तैनात की गई है। इन सभी यात्रियों से नगर निगम के कर्मी 7 दिन तक लगातार संपर्क कर रहे हैं। विभागीय कार्यालयों में 10 एंबुलेंस तैयार रखी गई हैं।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि कल्याण-डोंबिवली नगर निगम क्षेत्र में अफ्रीका से आया एक व्यक्ति शनिवार को ओमीक्रोन से संक्रमित पाया गया। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ओमीक्रोन की रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रही है। टोपे ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से ओमीक्रोन मरीजों के इलाज के लिए अभी तक कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं की गई है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने पत्रकारों को बताया कि दिल्ली में अभी तक विदेश से आए 17 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इनमें से 12 के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। दिल्ली में मिले ओमीक्रोन से संक्रमित एक केस के बाद देश में ओमीक्रोन के केस बढ़कर कुल पांच हो गए हैं। इसके पहले कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र में ओमीक्रोन से संक्रमण का मामला सामने आया था।

भारत में ओमीक्रोन के पहले दो मामले कर्नाटक में मिले थे। इसके बाद शनिवार को गुजरात और महाराष्ट्र से एक-एक केस सामने आए। सबसे पहले कर्नाटक के बेंगलुरु में दो मामले सामने आए थे। इनमें से एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक है, जबकि दूसरा स्थानीय व्यक्ति है। इसके बाद शनिवार को गुजरात के जामनगर में एक शख्स ओमीक्रोन से संक्रमित पाया गया था। इस शख्स की उम्र 72 साल है और यह हाल में जिम्बाब्वे से लौटा था।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button