
MADHUBANI:- हाईवे पर फायरिंग कर सनसनी फैलाने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार,पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद
मधुबनी- 03 जून। रहिका थाना पुलिस को अपराध नियंत्रण के दौरान सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग हाईवे पर फायरिंग कर सनसनी फैलाने वाले एक शातिर अपराधी को दबोच लिया है। गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार रहिका थानाध्यक्ष आनन्द कुमार कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के द्वारा कड़ाई से की गई पूछताछ और स्वीकारोक्ति बयान के दौरान गिरफ्तार अपराधी 19 वर्षीय रौशन यादव ने दो गंभीर घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है। रौशन मूल रूप से अरेर थाना के ब्रहमोतरा का निवासी है, जो वर्तमान में रहिका थाना क्षेत्र के बलॉट गांव में रह रहा था। अपराधी ने पुलिस के सामने कुबूल किया कि पहली घटना 24 मई को उसने सुबह करीब 9 बजे कपिलेश्वर से दरभंगा जाने वाली मुख्य सड़क पर एक सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी पर फायरिंग की थी।
दूसरी घटना 27 मई को उसने रात के समय औंसी से पीछा करते हुए दरभंगा से जयनगर जाने वाले मुख्य सड़क पर रामपुर पुल के पास एक ऑटो चालक पर भी गोलीबारी की थी। उसने बताया कि उस वक्त वह अत्यधिक नशे में था। अपराधिक घटना कबूल के बाद थानाध्यक्ष आनन्द कश्यप सशस्त्र बल के साथ आरोपी को लेकर हथियार बरामदगी के लिए निकले। रात करीब 8ः30 बजे पुलिस टीम बसौली से बलाट जाने वाली ग्रामीण पक्की सड़क के किनारे एक गाछी में पहुंची। खोजबीन के दौरान रौशन यादव की निशानदेही पर आम के पेड़ के जड़ के पास पत्थर से ढ़ककर छिपाया गया एक लोहे का पिस्टल और उसकी मैगजीन से दो जिंदा कारतूस बरामद किया।
बरामद हथियार और कारतूस के संबंध में जब आरोपी से वैध कागजात की मांग की गई, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियम अनुसार मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेज दिया।



