
TRE-4 में आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर तक बढ़ाने का अनुरोध, कृषि के 76 नए पद भी होंगे शामिल
पटना, 06 नवंबर। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने इस संबंध में आयोग के सचिव को पत्र लिखा है।
पत्र में कहा गया है कि TRE-4 विज्ञापन संख्या-15/2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि पहले 26 अक्टूबर 2026 निर्धारित थी। अब इसे बढ़ाकर 15 नवंबर 2026 तक करने का अनुरोध किया गया है।
उच्च माध्यमिक विद्यालय (वर्ग 11-12) में कृषि विषय के विद्यालय अध्यापक के 76 पदों पर नियुक्ति के लिए पद सृजन की कार्रवाई चल रही है। इन पदों की पूरक अधियाचना जल्द ही सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से आयोग को भेजी जाएगी, ताकि इन्हें TRE-4 के विज्ञापन में शामिल किया जा सके।
केन्द्रीय पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 का आयोजन CBSE द्वारा 12 और 13 दिसंबर 2026 को संभावित है। विभाग ने निर्णय लिया है कि CTET-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भी STET-2026 वालों की तरह TRE-4 में आवेदन कर सकेंगे।
हालांकि शर्त यह होगी कि उन्हें लिखित परीक्षा से पहले CTET-2026 उत्तीर्ण करना होगा। उत्तीर्ण नहीं होने पर लिखित परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने इन्हीं विशिष्ट परिस्थितियों को देखते हुए आयोग से आवेदन की अंतिम तिथि 15.11.2026 तक विस्तारित करने की कार्रवाई शीघ्र करने का अनुरोध किया है।



