
BIHAR:- मदरसा और संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों के अंतर वेतन भुगतान पर शिक्षा विभाग सख्त, बिना सत्यापन भुगतान पर होगी रिकवरी
पटना- 27 नवंबर। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने अराजकीय प्रस्वीकृत अनुदानित मदरसा एवं संस्कृत विद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मियों को पंचम एवं षष्ठम वेतन पुनरीक्षण का अंतर लाभ भुगतान के मामले में सख्त निर्देश जारी किया है।
विशेष निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) सचिन्द्र कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार लाभुकों के निर्धारित वेतन, सेवापुस्त, विपत्र का सत्यापन पूर्व अंकेक्षण कोषांग द्वारा किया जा रहा है। पूर्व अंकेक्षण कोषांग से सत्यापन के बाद ही भुगतान करने का निर्देश पहले से दिया गया था।
पत्र में कहा गया है कि कई मामलों में न्यायालय के न्यायादेश के अनुपालन में पूर्व अंकेक्षण कोषांग से सत्यापन कराये बिना अंतर वेतनादि का भुगतान कर दिया गया। ऐसे मामलों में पूर्व में निर्देश था कि बिना सत्यापन भुगतान किये गए कर्मियों का भुगतान पूर्व अंकेक्षण कोषांग से सत्यापन कराते हुए वैध अंतर वेतनादि का भुगतान किया जाय। लेकिन अब तक ऐसे सभी कर्मियों का सत्यापन पूर्व अंकेक्षण कोषांग से पूर्ण नहीं कराया गया है।
पूर्व अंकेक्षण कोषांग से सत्यापन के बिना जिन कर्मियों का अंतर वेतनादि भुगतान किया जा चुका है, वैसे सभी कर्मियों का निर्धारित वेतन, विपत्र का पूर्व अंकेक्षण कोषांग से सत्यापन कराएं।सत्यापन के उपरांत यदि रिकवरी का मामला बनता है तो अविलंब रिकवरी करें। पूर्व अंकेक्षण कोषांग से बिना सत्यापन के भुगतान का मामला भविष्य में प्रकाश में आयेगा तो संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध वित्तीय अनियमितता मानते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई करने की अनुशंसा की जाएगी। यह पत्र सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को भेजा गया है।



