भारत

संविधान की प्रति लेकर घूमने वाले राहुल गांधी पहले उसकी मूल भावना समझें: अमित शाह

नई दिल्ली, 26 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूमते हैं, उन्हें संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान की मूल प्रति और उसमें बने चित्रों को देखना चाहिए, ताकि वे उसकी मूल भावना को समझ सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं का उपहास करते हैं और संसद में चर्चा करने के बजाय सड़क पर बहस की बात करते हैं।

दिल्ली भाजपा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि संसद का निर्माण ही चर्चा करने के लिए किया गया है लेकिन राहुल गांधी संसद में चर्चा नहीं चाहते और सड़क पर बहस की बात करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनाव आयोग को बदनाम करने, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाने और विदेशों में भारत की छवि खराब करने का काम करते हैं।

शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लंबे समय तक विपक्ष में रही लेकिन उसने कभी सड़क पर बहस की मांग नहीं की, अदालतों के बारे में अनर्गल बातें नहीं कीं और न ही चुनाव आयोग का अपमान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह नकारना संविधान के प्रति सम्मान नहीं है।

कांग्रेस नेता पर तंज कसते हुए गृह मंत्री ने कहा, “राहुल जी का प्रॉब्लम यह है कि 20 साल से लगातार चुनाव हार रहे हैं। जब से वह आए, एक भी विजय भाग्य में नहीं आई है।”

उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के लिए चुनाव प्रक्रिया को दोष देने के बजाय राहुल गांधी को जनता का विश्वास जीतना चाहिए, देश की समस्याओं को समझना चाहिए और उनके समाधान लेकर लोगों के बीच जाना चाहिए। शाह ने राहुल गांधी के विदेश दौरों पर भी टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि देश में सूखा और बाढ़ जैसी समस्याएं होने के बावजूद वह हर तीसरे महीने छुट्टियां मनाने विदेश चले जाते हैं।

शाह ने कहा कि राहुल गांधी संविधान की बात करते हैं लेकिन उनकी पार्टी का इतिहास आपातकाल से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान 18 महीने तक संविधान की मूल भावना को बंद करके रखा और नागरिकों के अधिकारों को प्रभावित किया।

अमित शाह ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों की आकांक्षाओं, संघर्ष और बलिदान का दस्तावेज है। वर्ष 1857 से 1947 तक चले स्वतंत्रता संग्राम में अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया और कई लोगों ने अपना घर-बार, व्यापार, करियर तथा पढ़ाई छोड़कर देश को आजाद कराने के लिए संघर्ष किया। संविधान निर्माताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन के इन मूल्यों और आकांक्षाओं को संविधान में स्थान दिया।

उन्होंने कहा कि संविधान को केवल पुस्तक के रूप में देखने से उसकी मूल भावना को नहीं समझा जा सकता। इसके मूल तत्वों और भावना को समझने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों की आकांक्षाओं, देश की संस्कृति और उन मूल्यों को जानना होगा, जिनके आधार पर संविधान की रचना हुई। संविधान ने देश को एक ऐसा कानूनी ढांचा दिया, जिसके माध्यम से गुलामी के लंबे दौर में खोए मूल्यों को फिर से स्थापित करने का रास्ता तय किया गया।

शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने सत्ता जनता के हाथ में सौंपी और यह अधिकार दिया कि वह तय करे कि किसे शासन करना है। साथ ही, सत्ता में आने वालों के लिए यह व्यवस्था की कि उन्हें संविधान की मर्यादाओं में रहकर शासन चलाना होगा। संविधान का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का महत्वपूर्ण दायित्व है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद संविधान को केवल शासन चलाने की मार्गदर्शिका के रूप में देखने का प्रयास हुआ और उसकी मूल भावना को किशोरों, युवाओं तथा आम नागरिकों तक पहुंचाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। शाह ने कहा कि वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय किया, ताकि संविधान के न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा सके।

संविधान सभा की कार्यवाही का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि इसकी पहली बैठक नौ दिसंबर 1946 को हुई थी। संविधान निर्माण की प्रक्रिया में 11 सत्रों के दौरान कुल 165 दिन बैठकें हुईं। संविधान में संशोधन के लिए करीब 7,635 प्रस्ताव आए, जिनमें से 2,473 प्रस्ताव औपचारिक रूप से सदन के सामने रखे गए। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संविधान सभा की अध्यक्षता की, जबकि सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. बी. आर. आंबेडकर और अन्य सदस्यों ने विभिन्न समितियों के माध्यम से संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शाह ने संविधान की मूल प्रति में बने चित्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि नंदलाल बोस ने इसे अनेक चित्रों से सजाया था। इनमें भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी यात्रा और नेताजी सुभाषचंद्र बोस से जुड़े चित्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के विभिन्न अध्यायों की शुरुआत इन चित्रों से की गई है। शाह ने लोगों से संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान की मूल प्रति देखने और उसके चित्रों के माध्यम से उसकी सांस्कृतिक भावना को समझने की अपील की।

उन्होंने कहा कि संविधान ने देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था का ढांचा दिया लेकिन लोकतांत्रिक मूल्य भारतीय सभ्यता में हजारों वर्षों से मौजूद रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले आठ दशकों में देश में कई बार सत्ता परिवर्तन हुए लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया के तहत लोकतंत्र की निरंतरता बनी रही। जनता ने समय-समय पर अपने मताधिकार के जरिए सरकारों को चुना और जरूरत पड़ने पर उन्हें सत्ता से बाहर भी किया।

शाह ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में किए गए संविधान संशोधनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 1951 में पहले संविधान संशोधन के जरिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने 39वें और 42वें संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर संविधान की मूल भावना को प्रभावित करने का आरोप लगाया। इसके विपरीत उन्होंने भाजपा के कार्यकाल में हुए 101वें संविधान संशोधन के जरिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), 102वें संशोधन के जरिए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा, 103वें संशोधन के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण और 106वें संशोधन के जरिए महिलाओं को संसद तथा विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रावधान को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली भाजपा की सह-प्रभारी दर्शना जरदोश, महापौर प्रवेश वाही, दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह और मेदांता के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. नरेश त्रेहन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!