
जाली नोट कांड : NIA ने पाकिस्तानी नागरिक सलमान मोहम्मद के खिलाफ दाखिल किया पूरक आरोप पत्र, फरार दिखाया
पटना, 06 नवंबर। भारतीय जाली नोटों के व्यापार के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बिहार की राजधानी पटना स्थित एक विशेष अदालत में आज एक पाकिस्तानी नागरिक के खिलाफ उसे फरार दिखाते हुए पूरक आरोप पत्र दाखिल किया।
एनआईए ने यह पूरक आरोप पत्र भारतीय न्याय संहिता और विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में पाकिस्तान के कासमोर जिला निवासी सलमान मोहम्मद के खिलाफ दायर किया है। इससे पूर्व एनआईए इस मामले में पांच आरोपितों के खिलाफ विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है।
गौरतलब है कि पूर्वी चंपारण के बंजारिया थाना की पुलिस को 5 सितंबर 2024 को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन लोग नजर सद्दाम, मोहम्मद बारिस और मोहम्मद जाकिर हुसैन भारतीय नकली नोटों का व्यापार कर रहे हैं। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने एक दो पहिया वाहन पर जा रहे तीनों आरोपियों को रोक कर पूछताछ की एवं उनकी तलाशी में तीनों आरोपितों के पास से कुल एक लाख पचानबे हजार रुपये के जाली भारतीय नोट बरामद किए थे। सभी नोट पांच-पांच सौ रुपये के थे।
इस संबंध में बंजारिया थाना में कांड संख्या 229/2024 के रूप में मामले की मूल प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में अंतरराष्ट्रीय संबंध पाए जाने के बाद मामला एनआईए को सौंपा गया था। जांच में पता चला कि भारतीय जाली नोट पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत पहुंचते थे।



