
MADHUBANI:- बाल विवाह समाज के लिए कलंक है, इसे मिटाने के लिए सिर्फ कानून काफी नहीं, सोच बदलनी होगी: महेश चन्द्र झा
मधुबनी, 27 नवंबर। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान दिवस पर मानव समृद्धि संस्थान के तत्वावधान में शहर के गंगासागर चौक पर परिचर्चा आयोजित की गई। परिचर्चा को संबोधित करते हुए संस्थान के अध्यक्ष महेश चन्द्र झा ने कहा कि बाल विवाह समाज के लिए कलंक है। इसे जड़ से मिटाने के लिए सिर्फ कानून ही काफी नहीं है, बल्कि समाज की सोच को भी बदलना होगा। उन्होंने कहा कि कम उम्र में शादी होने से बेटियों की पढ़ाई छूट जाती है, उनका स्वास्थ्य खराब होता है और उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि बेटों के बराबर अवसर मिलना चाहिए। उन्हें पढ़ने, आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का मौका देना ही सच्ची सेवा है।
महेश चन्द्र झा ने कहा कि बाल विवाह रोकना सिर्फ प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। यह हर परिवार, हर मोहल्ला और हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अगर कहीं भी बाल विवाह की तैयारी हो रही हो तो लोग चुप न रहें, तुरंत प्रशासन, चाइल्ड हेल्पलाइन या संस्थान को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने गांव-मोहल्ले में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और बाल विवाह मुक्त मधुबनी, बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाल विवाह नहीं करने, नहीं करवाने और कहीं भी बाल विवाह होते देख उसका विरोध करने का शपथ लिया।



