
आय से अधिक संपत्ति मामले में ADM राजेश्वरी पांडेय भी निलंबित, 89.60% अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
पटना- 27 नवंबर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बिहार सरकार ने गोपालगंज के अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वरी पांडेय को भी निलंबित कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में संकल्प जारी कर दिया है।
राजेश्वरी पांडेय, बिप्रसे, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, गोपालगंज के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विशेष निगरानी इकाई ने मामला दर्ज किए जाने की सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई थी।
पुलिस अधीक्षक, विशेष निगरानी इकाई, बिहार, पटना द्वारा प्राथमिक की छायाप्रति, सत्यापन के दौरान उनकी पत्नी एवं उनके पुत्र/पुत्री के नाम से चल अचल सम्पत्ति पाये जाने संबंधी प्रतिवेदन तथा तलाशी-सह-जब्ती सूची उपलब्ध कराया गया है।
विशेष निगरानी इकाई, बिहार, पटना से प्राप्त प्रतिवेदन में अंकित किया गया है कि पांडेय द्वारा एक लोक सेवक के रूप में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अवैध एवं भ्रष्ट तरीके से स्वयं को समृद्ध करते हुए लगभग 1,65,83,300/- (एक करोड़ पैंसठ लाख तिरासी हजार तीन सौ) रुपये अधिक की परिसम्पत्ति अर्जित की गई है, जो उनके वैध आय से लगभग 89.60 प्रतिशत अधिक है।
प्रतिवेदित आरोपों की गम्भीरता के आलोक में अनुशासनिक प्राधिकार द्वारा बिहार सरकारी सेवक नियमावली में निहित प्रावधानों के तहत राजेश्वरी पांडेय को संकल्प निर्गत की तिथि से अगले आदेश तक के लिए निलंबित करने एवं निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, कोशी प्रमंडल, सहरसा निर्धारित करने का निर्णय लिया गया है। निलंबन अवधि में राजेश्वरी पांडेय को नियम-10 में विहित प्रावधानों के आलोक में जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। यह संकल्प बिहार राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव राजीव कुमार तिवारी द्वारा जारी किया गया है।



