भारत

लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सामूहिक आकांक्षाओं का आधार है देश का संविधानः लोकसभा अध्यक्ष

नई दिल्ली- 26 नवंबर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को कहा कि भारत का संविधान केवल देश का सर्वोच्च कानून नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सामूहिक आकांक्षाओं का आधार भी है। इसने असाधारण विविधता के बावजूद देश की एकता को बनाए रखते हुए विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को निरंतर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया है।

संविधान दिवस के अवसर पर संविधान सदन के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में युवा प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बिरला ने युवाओं से संविधान के आदर्शों और मूल्यों को केवल पढ़ने तक सीमित न रखने बल्कि उन्हें अपने विचारों, आचरण और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल नागरिकों को मिले अधिकारों पर निर्भर नहीं करती बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों तथा दायित्वों के निर्वहन की इच्छाशक्ति भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने एक सुदृढ़ संसदीय लोकतंत्र की नींव रखी, जो शांति, समृद्धि और प्रगति की दिशा में भारत की यात्रा का मार्गदर्शन कर रहा है। संविधान ने भाषाओं, बोलियों, धर्मों, परंपराओं और संस्कृतियों की अपार विविधता का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए स्थायी ढांचा प्रदान किया है।

संविधान सदन की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह भवन भारत के स्वतंत्रता संग्राम के निर्णायक क्षणों और स्वतंत्रता के बाद उन महत्वपूर्ण विचार-विमर्शों का साक्षी रहा है, जिन्होंने स्वतंत्र भारत की दिशा और नियति तय की। यह परिसर उन बलिदानों, दृढ़ विश्वासों और दूरदर्शी आकांक्षाओं का प्रमाण है, जिनसे भारतीय गणराज्य का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि संविधान के सार्वभौमिक आदर्श और लोकतांत्रिक सिद्धांत न केवल भारत बल्कि दुनिया के अन्य लोकतांत्रिक देशों के लिए भी मार्गदर्शक हैं।

बिरला ने संविधान सभा की कार्यवाही का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान सभा के सदस्यों ने दो वर्ष और 11 महीने तक व्यापक विचार-विमर्श किया। इस दौरान विभिन्न दृष्टिकोणों को सुना गया, जटिल मुद्दों पर चर्चा हुई और संवाद, तर्कपूर्ण बहस तथा आपसी समझ के माध्यम से समाधान निकाले गए। वैचारिक मतभेदों के बावजूद सदस्यों ने आम सहमति बनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अनुकरणीय भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि संविधान सभा की यह यात्रा भारत में संवाद, वाद-विवाद और सहमति बनाने की लोकतांत्रिक परंपरा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि संविधान में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को समाहित किया गया है। इन सिद्धांतों ने सभी नागरिकों को साझा संवैधानिक पहचान दी है और राष्ट्र के भविष्य के लिए साझा दृष्टिकोण तैयार किया है। भारत के संसदीय लोकतंत्र की शक्ति और वैधता इन्हीं संवैधानिक आदर्शों तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास से आती है।

शासन के तीनों अंगों की भूमिका स्पष्ट करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायिका जनता की आकांक्षाओं को कानूनों और नीतियों के माध्यम से अभिव्यक्त करती है, कार्यपालिका इन नीतियों को लागू करती है और न्यायपालिका संविधान की रक्षा करने के साथ नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा तथा न्याय सुनिश्चित करती है। उन्होंने कहा कि तीनों संस्थाएं अपने-अपने संवैधानिक दायरे में काम करते हुए लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था को मजबूत बनाती हैं।

बिरला ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए ऐसा ढांचा तैयार किया, जो अपने समय की चुनौतियों से आगे बढ़कर बदलती राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों में भी भावी पीढ़ियों का मार्गदर्शन करने में सक्षम है। संसद और अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को जनता की आकांक्षाओं तथा विभिन्न विचारों को अभिव्यक्त करने और सार्थक परिणामों में बदलने वाले जीवंत मंच के रूप में काम करते रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनमें प्रतिभा, उद्यमशीलता, नवाचार और रचनात्मकता की अपार क्षमता है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी और ज्ञान के उभरते क्षेत्रों में युवा भारतीयों की उपलब्धियां देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत हैं। युवाओं की ऊर्जा, दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

लोकसभा अध्यक्ष ने युवाओं से अपने संवैधानिक अधिकारों और अवसरों के प्रति जागरूक रहने के साथ समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को भी समझने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक जागरूकता, कानूनी समझ और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता से युवा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने युवा प्रतिभागियों से संविधान सदन में प्राप्त अनुभवों और सीख को अपने राज्यों, शिक्षण संस्थानों, कार्यस्थलों तथा समुदायों तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा संविधान के दूत बनकर अन्य विद्यार्थियों और नागरिकों को संवैधानिक आदर्शों को समझने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सार्थक भागीदारी के लिए प्रेरित करें। विकास, न्याय और अवसरों का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

बिरला ने युवाओं से देशभक्ति, समर्पण, कठोर परिश्रम और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को जीवन का मार्गदर्शक सिद्धांत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान को उसके शब्दों और मूल भावना के अनुरूप समझना तथा आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता ही एक सशक्त, समावेशी, प्रगतिशील और विकसित भारत की आधारशिला बनेगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!