
जम्मू-कश्मीर और पंजाब में ED का 8 ठिकानों पर छापा
नई दिल्ली, 27 नवंबर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जम्मू कार्यालय ने निवेश के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर और पंजाब में आठ ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के कठुआ और उधमपुर तथा पंजाब के पठानकोट सहित अन्य स्थानों पर की जा रही है। मामले में पूर्व सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कर्मी गुरमीत सिंह और उसके सहयोगियों पर अधिक और निश्चित मासिक रिटर्न का झांसा देकर लोगों से निवेश कराने का आरोप है।
ईडी के अनुसार, यह जांच जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और बिहार की विभिन्न पुलिस एजेंसियों की ओर से दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गई है। इन मामलों में आम लोगों के साथ-साथ सेवारत और सेवानिवृत्त एसएसबी कर्मियों से कथित तौर पर धोखाधड़ी किए जाने के आरोप हैं। आरोपितों ने निवेशकों को अधिक और सुनिश्चित मासिक लाभ का भरोसा देकर रकम जमा कराई थी।
जांच के दौरान वित्तीय आंकड़ों की पड़ताल में सामने आया कि आरोपितों ने विभिन्न कंपनियों और व्यावसायिक संस्थाओं के माध्यम से निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाए। इनमें कठुआ स्थित मेसर्स स्टाइल ओ इंडस्ट्री, मेसर्स स्टाइल ओ कम्फर्ट क्रिएशंस प्राइवेट लिमिटेड और अन्य संस्थाएं शामिल हैं। ईडी के मुताबिक, इन संस्थाओं का संचालन और नियंत्रण आरोपितों के पास था। ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत आज तलाशी अभियान शुरू किया है।



