
BIHAR:- जहां सरकार बैठती है, वहीं लगा रिश्वत का दाग: पटना सचिवालय में 4 हजार लेते प्रशाखा पदाधिकारी गिरफ्तार
पटना, 27 नवंबर। सोचिए, जहां से पूरे बिहार की सरकार चलती है, उसी सचिवालय में रिश्वतखोरी जारी है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पटना के विकास भवन, नया सचिवालय स्थित नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी थाना कांड सं. 138/26 में यह कार्रवाई 27 नवंबर को की गई।
शिकायतकर्ता केपीएमसी मुंशी, पिता मुंशी साव, ग्राम पुरानी बाजार, थाना झाझा, जिला जमुई ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दी थी। आरोप था कि प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन सेवाकाल में कटौती की गई राशि के भुगतान और अन्य आदेश पत्र निर्गत करने के एवज में रिश्वत मांग रहे हैं।
नगर परिषद झाझा को आदेश, पत्र जारी करना था। इसके लिए पहले 5 हजार रुपये की मांग की गई थी, बाद में सौदा 4 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाया गया। इसके बाद डीएसपी मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया।
निगरानी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही राजीव रंजन ने अपने कार्यालय कक्ष, विकास भवन, नया सचिवालय में शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपये लिए, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। सचिवालय जैसे हाई-सिक्योरिटी इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। सवाल यही है, जब सचिवालय में बैठा अधिकारी ही 4 हजार के लिए हाथ फैलाएगा, तो आम आदमी का काम बिना रिश्वत के कैसे होगा?



