
फिल्म ‘काली खेती’ की रिलीज डेट बदली, अब 20 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की आगामी ग्रामीण हॉरर फिल्म ‘काली खेती’ की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। निर्माताओं ने पिछले महीने मोशन पोस्टर जारी करते हुए फिल्म को 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज करने की घोषणा की थी। अब फिल्म की नई रिलीज तारीख सामने आ गई है। फिल्म 20 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। रिलीज में बदलाव के साथ दर्शकों को फिल्म के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।
हारिस इम्तियाज खान के लेखन और निर्देशन में बनी ‘काली खेती’ ग्रामीण पृष्ठभूमि और कृषि की दुनिया को हॉरर के अनोखे नजरिए से पेश करती है। फिल्म की कहानी और विषय इसे पारंपरिक हॉरर फिल्मों से अलग बनाने की कोशिश करते हैं। निर्माताओं ने फिल्म से जैकी श्रॉफ और शरद केलकर के पहले लुक भी जारी किए हैं। पोस्टर में जैकी श्रॉफ का डरावना और रहस्यमयी अंदाज नजर आ रहा है, जबकि शरद केलकर बेहद तीखे और आक्रामक अवतार में दिखाई दे रहे हैं।
फिल्म के पोस्टर के साथ सामने आई डरावनी और रहस्यमयी धुन भी माहौल को और रोमांचक बनाती है। ‘काली खेती’ में नेहा सरगम मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में नजर आएंगी। ग्रामीण परिवेश में रची-बसी यह हॉरर फिल्म अब 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



