
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी नाकाम, SSB और कस्टम की संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर पार्ट्स के साथ 2 को दबोचा
मधुबनी- 02 सितंबर। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) और सीमा शुल्क विभाग ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। जयनगर के बेतौन्हा में बिना वैध कागजात के नेपाल ले जाए जा रहे ट्रैक्टर के स्पेयर पार्ट्स को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। 48वीं वाहिनी के एफ समवाय की सीमा चौकी बेतौन्हा और कस्टम जयनगर की टीम को आसूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध सामान नेपाल ले जा रहे हैं।
इस पर टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ सं. 268/15 से लगभग 200 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में बेतौन्हा गांव स्थित पानी टंकी के पास घेराबंदी की। वहां एक बैटरी रिक्शा पर ट्रैक्टर के विभिन्न स्पेयर पार्ट्स लादकर मोटरसाइकिल से नेपाल की ओर जा रहे दो व्यक्तियों को रोका गया। कागजात मांगने पर दोनों कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद बैटरी रिक्शा पर लदे सभी ट्रैक्टर पार्ट्स, बैटरी रिक्शा और साथ चल रही एक बाइक को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान नवीन कुमार यादव (42) अरहा, थाना जयनगर, जिला मधुबनी तथा सतेन्द्र यादव (45) धोलिटोल, थाना जयनगर के रुप में की गई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे जयनगर से ट्रैक्टर के स्पेयर पार्ट्स खरीदकर नेपाल के सिरहा क्षेत्र में नेपाली दुकानदारों को खुदरा में बेचते हैं।
जब्त सामान और दोनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क जयनगर को सुपुर्द कर दिया गया है। 48वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध व्यापार और बिना दस्तावेज सामान के आवागमन को रोकने के लिए SSB लगातार संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रभावी कार्रवाई कर रही है।



