
MADHUBANI:- लोहट चीनी मिल में प्रशासन के आदेश का उल्लंघन, आर्केस्ट्रा के नाम पर अश्लील डांस, कार्रवाई पर सवाल
मधुबनी- 18 अक्टूबर। बिहार सरकार और मधुबनी जिला प्रशासन ने शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान जिले भर में आर्केस्ट्रा, अश्लील नृत्य और अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। डीएम और एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पूजा समितियों को सख्त निर्देश दिया था कि मर्यादा का उल्लंघन करने वालों पर FIR दर्ज कर लाइसेंस रद्द किया जाएगा। लेकिन प्रशासन के इस सख्त फरमान को लोहट चीनी मिल परिसर में लगे दुर्गा पूजा मेले में खुलेआम हवा में उड़ा दिया गया।
अष्टमी की रात क्या हुआ?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महा अष्टमी की शाम करीब 6 बजे से लोहट चीनी मिल परिसर स्थित पूजा पंडाल के मेले में आर्केस्ट्रा शुरू किया गया। देखते ही देखते आर्केस्ट्रा अश्लीलता के अड्डे में तब्दील हो गया। मंच पर भोजपुरी अश्लील गानों पर फूहड़ डांस करवाया गया। आरोप है कि आयोजकों द्वारा पैसे लेकर अश्लीलता परोसी जा रही थी।
श्रद्धालुओं में आक्रोश—
दुर्गा पूजा आस्था और शक्ति का पर्व है। अष्टमी के दिन जहां लोग मां की आराधना में लीन थे, वहीं बगल में इस तरह का अश्लील कार्यक्रम चलने से महिला श्रद्धालुओं, बच्चों और बुजुर्गों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासन कहता है आर्केस्ट्रा बंद है, फिर लोहट में ये कैसे चालू है? क्या लोहट प्रशासन के दायरे से बाहर है?”
सवालों के घेरे में स्थानीय प्रशासन—
सबसे बड़ा सवाल ये है कि इतनी बड़ी भीड़ वाले आयोजन में पुलिस की तैनाती के बावजूद आर्केस्ट्रा कैसे चला? क्या पूजा समिति को इसकी मौखिक अनुमति थी? या फिर आयोजकों ने प्रशासन को ही चुनौती दे दी? जब पूरे मधुबनी में कहीं आर्केस्ट्रा नहीं चल रहा है, तो लोहट चीनी मिल में यह छूट किसके इशारे पर दी गई?
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने DM और SSP से की मांग—
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी और एसएसपी से मांग की है कि इस घटना का वीडियो फुटेज मंगाकर जांच की जाए और लोहट चीनी मिल पूजा समिति के आयोजकों पर प्रशासनिक आदेश के उल्लंघन और अश्लीलता फैलाने के आरोप में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



