
छत्तीसगढ़: AK-47 से हर्ष फायरिंग करना राजनांदगांव SP अंकिता शर्मा को पड़ा महंगा, पुलिस मुख्यालय ने मांगा स्पष्टीकरण
रायपुर- 22 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन के दौरान एके-47 से हर्ष फायरिंग करने के मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को पुलिस मुख्यालय ने कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने इस बात की पुष्टि करते हुए आज बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है।

ज्ञात हो कि फायरिंग के वीडियो पर हथियार संभालने के तरीके और पुलिस की गरिमा को लेकर सवाल उठे थे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें साड़ी पहने एसपी अंकिता शर्मा पारंपरिक शस्त्र पूजा के बाद पुलिस लाइन में एके-47 से हवा में कई राउंड फायरिंग करती नजर आ रही थीं।
वीडियो वायरल होने के बाद सेना के पूर्व अधिकारियों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने हथियार संभालने के तौर-तरीकों, सुरक्षा नियमों की अनदेखी और सार्वजनिक रूप से की गई इस फायरिंग पर सवाल उठाए।
राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षकअजय यादव ने गुरुवार को पुष्टि की कि पुलिस मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी से स्पष्टीकरण मांगा है।
एसपी अंकिता शर्मा द्वारा जवाब दाखिल किए जाने के बाद, आईजी अपनी टिप्पणी के साथ रिपोर्ट दोबारा पुलिस मुख्यालय भेजेंगे, जिसके बाद आगे की अनुशासनात्मक या प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी। ‘लेडी सिंघम’ नाम से मशहूर अंकिता की पहली पोस्टिंग छत्तीसगढ़ के भाटापारा में हुई थी। अंकिता फिलहाल राजनांदगांव ज़िले की पुलिस अधीक्षक हैं। उनके द्वारा की गई इस फायरिंग का वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जिस पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
आईजी के मुताबिक, मामला पुलिस मुख्यालय और उनके संज्ञान में आया है। मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लिया है। विजयादशमी पर पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन की परंपरा है और सभी जिलों में इसका आयोजन किया जाता है। राजनांदगांव एसपी की हर्ष फायरिंग को लेकर हुई टिप्पणियों के बाद स्पष्टीकरण मांगा गया है। सवाल पुलिस के शस्त्र संबंधी नियमों और विभाग की गरिमा को लेकर उठे हैं। अंकिता शर्मा का जवाब मिलने के बाद आईजी अपनी टिप्पणी के साथ प्रकरण पुलिस मुख्यालय भेजेंगे। इसके बाद मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



