
मिथिला विश्वविद्यालय में आयोग से चयनित शिक्षकों का वेतन अटका, शिक्षक संघ ने कुलपति से की शीघ्र भुगतान की मांग
दरभंगा- 09 जुलाई। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में मार्च 2026 से मई 2026 तक का नियमित वेतन अधिकांश शिक्षकों को जारी कर दिया गया है। इसके लिए शिक्षक संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। हालांकि, विश्वविद्यालय सेवा आयोग से चयनित कुछ शिक्षकों का वेतन अब भी लंबित है, जिससे संबंधित शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष षषि भूषण कुमार ने कुलपति को पत्र भेजकर लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
शिक्षक संघ ने अपने पत्र में कहा है कि आयोग से चयनित शिक्षकों के वेतन का भुगतान दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण रुका हुआ है। संघ का कहना है कि इन शिक्षकों को कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। संघ ने कुलपति से आग्रह किया है कि इस संवेदनशील मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करते हुए दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि सभी लंबित शिक्षकों का वेतन अविलंब जारी किया जा सके।
शिक्षक संघ ने विश्वास जताया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करेगा। संघ का कहना है कि लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान होने से प्रभावित शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी और विश्वविद्यालय में सकारात्मक कार्य वातावरण भी बना रहेगा।



