
फूलों से सजा रामनगर दुर्गा मंदिर, नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा के लिए उमड़ी भीड़
मधुबनी- 12 अक्टूबर। फुलपरास प्रखंड के रामनगर स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर में शारदीय नवरात्र की धूम है। नवरात्र को लेकर मंदिर में खास चहल-पहल है। नवरात्र के दूसरे दिन आज मां के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मां के जयकारे के बीच सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां की आरती हुई और भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की।
पुजारी ने बताया कि द्वितीया तिथि की पूजा तप, त्याग और संयम का प्रतीक है। यहां हर वर्ष भव्य दुर्गा पूजा होती है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं। मंदिर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नवरात्र के दौरान यहां जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
रामनगर श्री दुर्गा माता मंदिर ट्रस्ट के मुख्य न्यासी विजय कुमार ने बताया कि मंदिर आस्था और शांति का केंद्र है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल सहित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। ट्रस्ट द्वारा छात्रवृत्ति, मरीजों को सहायता और बाढ़ राहत जैसे सामाजिक कार्य भी किए जा रहे हैं।



