
आज का हिरण्यकशिपु हमारा अहंकार, क्रोध और लोभ: आचार्य विनय चेतन शास्त्री
मधुबनी- 22 नवंबर। जिले के पंडौल प्रखंड के हरिपुर ड्योढ़ी परिसर में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष*मृत्युंजय कुमार झा के सहयोग से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ के तीसरे दिन अयोध्या धाम के प्रख्यात शास्त्रोपासक एवं भागवत मर्मज्ञ आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने भक्त प्रह्लाद के चरित्र एवं भगवान के प्रति उनकी अनन्य श्रद्धा पर सारगर्भित प्रवचन दिया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक डा. संजीव चौरसिया और मधुबनी विधायक व विधानसभा में रालोमो के नेता माधव आनंद ने आचार्य विनय चेतन शास्त्री को माल्यार्पण किया तथा कथा प्रवर्तक ने अंग वस्त्र देकर आशीर्वाद दिया। दोनों अतिथि को अंग वस्त्र व मिथिला पाग से सम्मानित किया! दोनों वक्ताओं ने विकसित बिहार का संकल्प लेते हुए संबोधन किया! आचार्य ने कहा कि भागवत महापुराण में जितने भक्त हुए, उनमें भक्त प्रह्लाद का स्थान सबसे ऊंचा है, क्योंकि प्रह्लाद ने भक्ति किताब से नहीं सीखी, प्रह्लाद ने भक्ति मां के गर्भ में सीखी।
उन्होंने बताया कि जब प्रह्लाद मां कयाधु के गर्भ में थे, तब नारद जी ने मां को भागवत का ज्ञान दिया। मां सो गईं, लेकिन गर्भ में पल रहा बच्चा जाग रहा था। वही ज्ञान प्रह्लाद के हृदय में अंकित हो गया।
आचार्य श्री ने कहा जिसके संस्कार गर्भ में ही पड़ जाएं, उसे दुनिया की कोई ताकत नास्तिक नहीं बना सकती। आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने कहा कि आज का हिरण्यकशिपु हमारा अहंकार, क्रोध और लोभ है, और आज का प्रह्लाद हमारे अंदर बैठी वो छोटी सी श्रद्धा है, जो कहती है कि भगवान हैं, भगवान देख रहे हैं। उन्होंने कहा जहां प्रह्लाद जैसी श्रद्धा होगी, वहां खंभा भी भगवान बनकर प्रकट हो जाएगा।
प्रवचन में उन्होंने बताया कि हिरण्यकशिपु ने ब्रह्मा जी से वरदान पाया था कि न दिन में मरूं, न रात में, न घर के अंदर, न बाहर, न मनुष्य से, न पशु से, न अस्त्र से, न शस्त्र से। वरदान पाकर उसे अहंकार हो गया और उसने कहा कि मैं ही भगवान हूं, मेरी ही पूजा करो। लेकिन उसका ही 5 साल का बेटा प्रह्लाद कहता था कि पिताजी,भगवान तो विष्णु हैं, वे कण-कण में हैं। गुरुओं ने उसे राजनीति, अर्थशास्त्र, दंडनीति पढ़ाई, लेकिन प्रह्लाद ने कहा कि मुझे तो केवल एक ही विद्या आती है हरि नाम।
आचार्य ने कहा, भक्ति की परीक्षा सुख में नहीं, दुःख में होती है। हिरण्यकशिपु ने प्रह्लाद को पहाड़ से गिरवाया, हाथी के पैरों तले कुचलवाया, विष पिलवाया, सर्पों के बीच डलवाया, समुद्र में फेंकवाया और होलिका की गोद में आग में बैठाया। लेकिन प्रह्लाद हर बार मुस्कुराते हुए निकले, क्योंकि उनके मुख पर एक ही नाम था “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय”
होलिका को वरदान था कि आग उसे नहीं जला सकती, लेकिन पाप के लिए वरदान का प्रयोग करने पर वही आग उसे जला गई और प्रह्लाद बच गए। इसीलिए आज भी हम होलिका दहन करते हैं कि बुराई जलती है, भक्ति बच जाती है।
आचार्य ने बताया कि आखिर हिरण्यकशिपु ने क्रोध में कहा कि बता, तेरा विष्णु कहाँ है? क्या इस खंभे में है?
प्रह्लाद ने हाथ जोड़कर कहा कि पिताजी, वे इस खंभे में भी हैं, और आपके हृदय में भी हैं। और उसी क्षण खंभा फट गया। न दिन था, न रात गोधूलि बेला थी। न घर के अंदर, न बाहर देहरी पर थे। न मनुष्य, न पशु नरसिंह रूप था। न अस्त्र, न शस्त्र नाखूनों से वध हुआ। भगवान ने अपने भक्त के वचन को सत्य करने के लिए असंभव को संभव कर दिया।



