
MADHUBANI:- नवरात्र में उजागर हुई नगर निगम की लापरवाही, मंदिर पहुंच पथ पर जलजमाव से भक्त परेशान
मधुबनी- 12 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र शुरू होते ही नगर निगम के स्वच्छ शहर के दावे की पोल खुल गई है। नवरात्र के दूसरे दिन आज मां ब्रह्मचारिणी की पूजा के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिरों के लिए निकले, लेकिन जलजमाव और कीचड़ ने उनकी राह रोक दी।
शहर के करीब एक दर्जन मोहल्लों की सड़कों पर पानी और कीचड़ जमा है। संतुनगर, तिरहुत कॉलोनी, विनोदानंद झा कॉलोनी, प्रगति नगर, राघोनगर चौक और जलधारी चौक से पंचवटी चौक तक सड़कों की हालत खराब है। कई जगह नाला ऊंचा बना दिए जाने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
राघोनगर निवासी महेश सहनी ने बताया कि भौआड़ा स्थित पुरानी दुर्गा मंदिर जाना मुश्किल हो गया है। जलजमाव के कारण एक किलोमीटर अतिरिक्त घूमकर मंदिर जाना पड़ रहा है।
मधुबनी के वार्ड 9, संतुनगर निवासी सीता देवी ने बताया कि नगर निगम गठन के बाद से पिछले तीन साल से संतुनगर के लोग जलजमाव झेल रहे हैं, लेकिन प्रशासन को कोई फर्क नहीं पड़ रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने पिछले एक साल में नाला निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए, फिर भी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं सुधरी। कहीं नाले ऊंचे बना दिए गए हैं तो कहीं सफाई नहीं होने से निकासी बाधित है। प्रो. शैलेंद्र कुमार झा ने बताया कि विनोदानंद झा कॉलोनी से गोशाला चौक जाने वाली सड़क पर नाले की ऊंचाई अधिक होने और जाम होने से भारी समस्या उत्पन्न हो गई है।



