
BIHAR:- पंचायतों को मिली बड़ी सौगात, 1542.37 करोड़ रुपए जारी, दीपक प्रकाश बोले, ग्रामीण विकास को मिलेगी गति
पटना, 21 नवंबर। सप्तम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं को कुल ₹1,542.37 करोड़ की राशि विमुक्त कर दी गई है। शेष अवशेष राशि विमुक्त करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
इस राशि से पंचायतों में विकासात्मक कार्यों को गति मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण होगा। पंचायतों द्वारा सृजित परिसंपत्तियों के रख-रखाव एवं उनकी उपयोगिता बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास एवं पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इस राशि से गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के काम और तेज होंगे। पंचायतों को अब अपने क्षेत्र के विकास के लिए राशि का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर पंचायत आत्मनिर्भर बने और गांवों में शहर जैसी सुविधाएं पहुंचें। इसके लिए पंचायती राज संस्थाओं को लगातार आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है।



