
हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. अंशुमान ने सिविल कोर्ट का किया निरीक्षण, लंबित मुकदमों की ली जानकारी
मधुबनी, 22 नवंबर। पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति डॉ. अंशुमान ने रविवार को मधुबनी सिविल कोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने कोर्ट भवन, अभिलेखागार सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया और कोर्ट कार्यालय का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधान जिला जज पवन कुमार पांडेय से कोर्ट भवन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। मधुबनी न्याय मंडल के निरीक्षी न्यायाधीश डॉ. अंशुमान ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार पांडेय के प्रकोष्ठ में न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
जानकारी के अनुसार जस्टिस ने मधुबनी कोर्ट में लंबित मुकदमों की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश जय किशोर दुबे, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश उमेश कुमार पांडेय, पोक्सो कोर्ट के स्पेशल जज नीरज कुमार त्यागी, उत्पाद मामलों के स्पेशल जज गोरखनाथ दुबे, रश्मि प्रसाद, सीजेएम प्रमोद कुमार महथा, डीएलएसए सचिव एसीजेएम सचिन कुमार, कोर्ट मैनेजर सरफराज आलम सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान कोर्ट कैंपस के अंदर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। शहर के विभिन्न चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात था। ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीलमणि रंजन सड़क पर व्यस्त दिखे।
इधर जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने रविवार को पटना हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. अंशुमान से मुलाकात की। संघ के अध्यक्ष वासुदेव झा, महासचिव शिवनाथ चौधरी, राहुल कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों ने जस्टिस का मिथिला परंपरा के अनुसार स्वागत किया और मिथिला पेंटिंग भेंट की। वकीलों ने अपनी समस्या से भी जस्टिस को अवगत कराया।



