भारत

शाही कटरा में अज़ान और जय श्रीराम के बीच संपन्न हुआ राम-भरत मिलाप, मऊ में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल

मऊ – 22 अक्टूबर। पूर्वांचल की बुनकर नगरी मऊ की सुबह आस्था, परंपरा और सांप्रदायिक सौहार्द की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। ऐतिहासिक शाही कटरा मस्जिद परिसर में सदियों से चली आ रही परंपरा के बीच राम-भरत मिलाप का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।

एक ओर मस्जिद से उठती अज़ान की आवाज़ वातावरण में गूंज रही थी, तो दूसरी ओर श्रद्धालुओं के जय श्रीराम और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा इलाका भक्तिमय नजर आया। विभिन्न आस्थाओं के बीच आपसी सम्मान, मेलजोल की यह परंपरा एक बार फिर मऊ की सांस्कृतिक पहचान के रूप में सामने आई।

मऊ के ऐतिहासिक शाही कटरा में आयोजित भरत मिलाप केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। परंपरा के अनुसार, प्रभु श्रीराम का शाही विमान मस्जिद के मुख्य द्वार को तीन बार स्पर्श करता है। इस पारंपरिक रस्म के बाद ही भरत मिलाप का कार्यक्रम आगे बढ़ता है।

वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुटते हैं। मान्यता है कि मुगल बादशाह शाहजहां की पुत्री जहांआरा बेगम भी इस आयोजन को देखने के लिए यहां आया करती थीं।
सुबह होते ही शाही कटरा का इलाका श्रद्धालुओं की मौजूदगी से गुलजार हो गया। अज़ान की सदा और धार्मिक जयकारों के बीच परंपरागत आयोजन आगे बढ़ा। प्रभु श्रीराम के शाही विमान द्वारा मस्जिद के मुख्य द्वार को तीन बार स्पर्श किए जाने की रस्म ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद राम और भरत के मिलन का भावुक प्रसंग संपन्न हुआ। मऊ की इस ऐतिहासिक परंपरा को स्थानीय स्तर पर गंगा-जमुनी तहजीब और पारस्परिक सद्भाव की मिसाल के तौर पर देखा जाता है।

कार्यक्रम के शांतिपूर्ण समापन के बाद जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि प्रशासन की टीम पहले से सतर्क थी। आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि मस्जिद के मुख्य द्वार को तीन बार स्पर्श किए जाने की पारंपरिक रस्म के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए रैपिड एक्शन फोर्स की उपलब्धता सहित सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे।

उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने के कारण भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। आयोजकों का भी प्रशासन को सहयोग मिला, जिसके चलते पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शाही कटरा मस्जिद परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पूरे क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पर्याप्त पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी के जवानों को भी लगाया गया था। इसके अतिरिक्त बाहर से भी सुरक्षा बल उपलब्ध कराया गया था।

एसपी के मुताबिक, आयोजन से पहले आयोजकों और क्षेत्र के प्रमुख लोगों के साथ बातचीत कर आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया था। पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परंपरागत कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना और भीड़ के बीच किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को रोकना था।

भरत मिलाप को देखने के लिए रात से ही बड़ी संख्या में लोग शाही कटरा पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं की भीड़ और आयोजन की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी रात सतर्क रहा। अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था संचालित की गई। आयोजन से जुड़े लोगों के सहयोग से कार्यक्रम को बिना किसी बड़ी बाधा के पूरा कराया गया। सुबह राम और भरत के भावुक मिलन के साथ धार्मिक आयोजन का समापन हुआ।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!