विश्व

भारत और सेशेल्स के रिश्ते मजबूत, प्रधानमंत्री मोदी एवं राष्ट्रपति हर्मिनी ने दोहराया

विक्टोरिया (सेशेल्स)- 28 जून । सेशेल्स की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ पर होने वाले समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेने पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने कहा कि भारत-सेशेल्स के रिश्तों की डोर बहुत मजबूत है। दोनों देश मिलकर आगे बढ़ेंगे और कामयाब होंगे। हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में स्टेट हाउस में रात्रिभोज का आयोजन किया।

सेशेल्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति हर्मिनी ने इस दौरान सेशेल्स और भारत के बीच मजबूत और लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों को दोहराया। हर्मिनी ने कहा, “भारत सेशेल्स का एक पक्का दोस्त रहा है और हमारे लोगों और यहां रहने वाले भारतीय समुदाय ने भी इस दोस्ती को पूरे दिल से अपनाया है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा, “भारत और सेशेल्स के बीच दोस्ती लगातार मजबूत हुई है और लंबे समय से कायम है। हम मिलकर आगे बढ़ेंगे और सफलता हासिल करेंगे।” सेशेल्स के राष्ट्रपति ने कहा कि भारत इंफ्रास्ट्रक्चर, रक्षा, स्वास्थ्य और समुद्री सुरक्षा जैसे कई क्षेत्रों में विकास के लिए एक प्रतिबद्ध साझेदार रहा है। यह वर्ष दोनों देशों के लिए बहुत अहम है क्योंकि साल 2026 में सेशेल्स और भारत के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं सालगिरह भी है। यह साझेदारी लोकतांत्रिक मूल्यों, समुद्री सहयोग और लोगों के बीच गहरे रिश्तों पर टिकी है।

उन्होंने कहा कि 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के जश्न में गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर भारत के प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी सेशेल्स-भारत संबंधों की गहराई और मजबूती को दिखाती है। दोनों देश अब साझेदारी के अगले 50 सालों की ओर देख रहे हैं।

भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन्स का भी दौरा किया। उन्होंने स्मृति के तौर पर ‘कोको डी मेर’ का पौधा रोपा। भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार सुबह विक्टोरिया पहुंचे। सेशेल्स पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आधिकारिक स्वागत सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने किया। यह दौरा उस मजबूत दोस्ती और लंबे समय से चली आ रही साझेदारी का सुबूत है, जिसने 1976 में आजादी मिलने के बाद से सेशेल्स और भारत को जोड़े रखा है।

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने स्थानीय नर्तकों की प्रस्तुति ‘मौत्या’ के बाद गुजरात के कच्छ के लोक नृत्य का आनंद लिया। इसमें सेशेल्स में रहने वाले भारतीय मूल के 18 लोगों ने हिस्सा लिया। यह लोग मूल रूप से गुजरात के कच्छ से हैं।

सेशेल्स सरकार ने कहा है कि भारत सेशेल्स के सबसे करीबी और महत्वपूर्ण विकास साझेदारों में से एक है। भारत ने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं में मदद की है। साथ ही हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए सेशेल्स के साथ मिलकर काम किया है। यह दौरा दोनों देशों के बीच करीबी और ऐतिहासिक संबंधों की पुष्टि करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की पिछली आधिकारिक यात्रा 10 -11 मार्च, 2015 को की थी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button