
बॉलीवुड
मुहर्रम पर वायरल हुआ मैथिली दाहा गीत ‘हा हुसैन’
मधुबनी- 26 जून। मैथिली दाहा गीत ‘हा हुसैन’ ने रिलीज होते ही धूम मचा दी है। जानकी फिल्म्स प्रोडक्शन के यूट्यूब चैनल पर यह मैथिली गीत ट्रेंड कर रहा है। कई प्लेटफार्म पर इस गीत के रील वायरल हो चुके हैं. श्रोताओं और दर्शकों के बीच इस गीत को लेकर दीवानगी है। मुसलमान तो मुस्लमान, हिन्दू श्रोता भी इस गीत के प्रति अपनी श्रद्धा दिखा रहे हैं।
इस गीत के गीतकार हैं साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित कवि अजित आजाद. इन्होंने बताया कि मैथिली गीतों की समृद्ध परम्परा में झरनी गीतों का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। बावजूद इसके आधुनिक गीतकारों ने मुस्लिम समाज के रीति-रिवाजों पर गीत नहीं लिखा. हिन्दू पर्व-त्योहारों पर ही ज्यादातर उनका फोकस रहा। इससे मिथिला के मुस्लिम समाज में मैथिली को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। इसी समस्या का समाधान इस गीत के माध्यम से करने की कोशिश की गई है. हुसैन साहब की शहादत पूरी दुनिया में एक मिसाल है, उनके अनुयायी हर धर्म में हैं. हिन्दू समाज भी उनसे प्रेरणा ग्रहण करता है. कुरुक्षेत्र और क़र्बला, दोनों ही इतिहास के काला अध्याय है। आज फिर उसी तरह का माहौल पूरी दुनिया में है, ऐसे में यह गीत उस क़ुरबानी को याद कर, दुनिया में अमन-चैन की कामना करता है।
इस गीत के गायक भीमनाथ झा हैं जो स्वाभाव से संत प्रवृत्ति के हैं. इन्होंने इस गीत को विभोर होकर गाया है। संगीतकार आलोक झा ने बहुत ही कर्णप्रिय संगीत दिया है जबकि इसका वीडियो तैयार किया है अरशद ने
जानकी फिल्म्स प्रोडक्शन के कर्ता-धर्ता सुनील कुमार झा ने कहा कि हम वैसे गीतों को अधिक महत्व देते हैं, जिसमे सामाजिक सरोकार हो, जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज को जोड़ने का भी काम करे. इसी कड़ी में बहुत जल्द ही हम एक और गीत ‘हम जेबै मदीना’ भी रिलीज करने जा रहे हैं. इसके गीतकार भी अजित आजाद हैं।



