
MADHUBANI: अगले साल से मिलेगा रिंग रोड का लाभ, लंबी दूरी से मिलेगी छुटकारा, ईंधन की होगी बचत: पूर्व मंत्री
मधुबनी- 29 जून। पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक समीर कुमार महासेठ ने कहा कि वाहन चालकों अगले साल रिंग रोड का लाभ मिलने लगेगा। रिंग रोड के निर्माण से मधुबनी शहर में यातायात का दबाव कम होगा।लोगों को मुख्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी से छुटकारा मिलेगा। इससे ईंधन की बचत होगी। पूर्व मंत्री ने कहा कि जिले में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लंबे समय से रिंग रोड के लिए किए गए प्रयास जमीन पर उतर चुकी है। इसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। रिंग रोड का मिट्टीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। रिंग रोड को वर्ष 2025 में मंजूरी मिली थी। 294 करोड़ की लागत से करीब 25 किलोमीटर लंबी रिंग रोड दो लेन चौड़ी सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। जिसमें शोल्डर, रेलवे ओवरब्रिज का भी शामिल है। यह सड़क पंडौल बाईपास और रामपट्टी मुख्य सड़क से जुड़ेगी, जिससे आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। कनकपुर से जगतपुर तक लगभग 20 किलोमीटर, जबकि जगतपुर से रामपट्टी तक लगभग 5 किलोमीटर का हिस्सा भारत माला परियोजना से जुड़ेगा। रिंग रोड जिले के 18 गांवों से होकर गुजरेगी।
दरभंगा-सकरी मुख्य सड़क से सकरी से पहले कोसी नहर पूर्वी होते हुए कनकपुर,मोहम्मदपुर,मकसूदा, लक्ष्मीपुर, सोहराय, गंगापुर, कोठिया, बिरसायर,भिट्ठी, समौल और कैटोला होते हुए जीवछ नहर के रास्ते जगतपुर तक सड़क का निर्माण होगा। वहीं, गंगापुर से शरहद, शाहपुर, जीतकुंडली, कमलपुर और बड़ागांव होते हुए बिरसायर तक सड़क बनाई जाएगी। यह आगे चलकर रामपट्टी स्थित भारत माला परियोजना से जुड़ जाएगी। जगतपुर में निर्माण कार्य चल रहा है।



