
MADHUBANI:- सड़क हादसा में पति-पत्नी समेत तीन की मौत, दो गंभीर
मधुबनी- 30 मई। जिले के लदनियां थाना क्षेत्र के पद्मा गांव के गणेश चौक के पास एनएच 227 पर शनिवार को दो बाइक के आमने सामने टक्कर में पति पत्नी समेत तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि दो नाबालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल के कुछ दूरी पर वाहन चेकिंग अभियान चला रहे चौकिदार और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायल को ईलाज के लिए जयनगर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल मधुबनी रेफर कर दिया। इधर लदनियां थानाध्यक्ष अनुप कुमार ने बताया कि तीनों मृतक के परिजनों ने शव को पोस्ट मार्टम कराने से इंकार कर दिया। मृतकों के परिजनों के द्वारा पुलिस को लिखित आवेदन देने पर शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक की पहचान लदनियां थाना क्षेत्र के कुमरखत निवासी रमेश कामत का 18 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार कामत एवं बासोपट्टी थाना क्षेत्र के कदुवाही गांव निवासी दुखी नदाफ का 35 वर्षीय पुत्र राजन नदाफ एवं उसकी पत्नी 25 वर्षीय रकसो खातुन के रूप में हुई है। जबकि घायल में खुटौना थाना क्षेत्र के नवटोली गांव निवासी श्रीदेवी कामत का 18 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार एवं रामखत कामत का 18 वर्षीय पुत्र करण कुमार के रुप में शामिल है।



