
MADHUBANI:- वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए अस्पतालों में अलग काउंटर और नोडल पदाधिकारी की जरूरत
मधुबनी- 14 अगस्त। राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक संघ, मधुबनी शाखा का चौथा स्थापना दिवस समारोह 14 अगस्त को शहर के धोबिया टोल स्थित कारक कलर्स परिसर में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष ज्योति रमण झा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विद्यानंद चौधरी उपस्थित हुए।
श्री चौधरी ने कहा कि बढ़ती उम्र में सम्मानजनक जीवन के लिए वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं को लेकर सरकारी पहल जरूरी है। स्वास्थ्य, परिवहन और कानूनी सहायता के क्षेत्र में विशेष प्रावधान किए जाने चाहिए ताकि बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सदर अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर और प्राथमिकता से इलाज की व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
मुख्य संरक्षक प्रो. जेपी सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए थाना स्तर पर नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए जाएं। अकेले रहने वाले बुजुर्गों की नियमित निगरानी और मदद के लिए पुलिस को सक्रिय रहना चाहिए। संपत्ति विवाद या उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
महासचिव कपिलदेव झा ने मांग की कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया जाए कि वे अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों की सूची बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करें। मुख्य अतिथि डॉ. आरएस पांडेय ने कहा कि सरकारी एंबुलेंस सेवा में बुजुर्गों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। शहर में बुजुर्गों के लिए विशेष वॉकिंग जोन और बैठने की व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही पेंशन, आधार और बैंकिंग कार्य में मदद के लिए कॉमन सर्विस सेंटर पर विशेष डेस्क बनाई जानी चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत में जानवी मिश्रा ने राष्ट्रीय गीत एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महासचिव एसएन पासवान और उपाध्यक्ष वेदानंद साह ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सुभेशचंद्र झा, प्रीतम निषाद, डॉ. रामलखन महतो, मदनलाल खंडेलवाल, मधुलिका कुमारी पूर्वे, प्रमिला देवी, डॉ. ओमप्रकाश पंजियार, अरुण कुमार झा, डॉ. अयोध्या पासवान, ऋषिदेव सिंह, रेवती रमण झा, डॉ. राम दयाल यादव, उदय जायसवाल, विनय विश्व बंधु, अनुपम झा, छाया मिश्रा, विश्वनाथ कारक, नारायण मिश्र, डॉ. प्रबलकांत सिंह, अधिवक्ता संदीप कुमार, महेश चन्द्र झा सहित कई लोगों को मोमेंटो एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में शहर के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी गुरु शरण सर्राफ को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



